यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पेट में कोकीन की 141 कैप्सूल के साथ पकड़ा गया ब्राजीली शख्स, इस डर से खुद ही बता दी अधिकारियों को सच्चाई
मुंबई हवाई अड्डे से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां पर एक ब्राजीली शख्स को गिरफ्तार ...और पढ़ें

जेएनएन, मुंबई। मुंबई की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने 141 कैप्सूलों में 1398 ग्राम कोकीन पेट में छिपाकर तस्करी करने के प्रयास में 24 वर्षीय ब्राजीलियाई नागरिक फर्नांडो जेरोनिमो सैंटोस दा सिल्वा को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, ब्राजीलियाई ड्रग्स माफिया ने उसे धमकी दी थी कि अगर तस्करी में शामिल नहीं हुआ तो परिवार को जान से मार देगा। तस्करी के लिए उसने कैप्सूल निगल लिए थे। वह जब हवाई अड्डे पर पहुंचा तो पेट में कैप्सूल फटने के डर से अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, 28 जनवरी को गुप्त सूचना के बाद उन्होंने उस व्यक्ति को मुंबई से पकड़ा था। वह पेरिस से आया था। उसके पास ब्राजीलियाई पासपोर्ट था। हवाई अड्डे पर जब अधिकारियों ने पूछताछ की तो उसने पेट में कोकिन होने की बात कबूल कर ली। उसे अदालत में पेश किया गया।
वकील ने कहा कि यह अपराध करने का उसका पहला प्रयास था। वह काफी डरा हुआ था। उसने जब पुलिस को देखा, तो उसने उन्हें बताया कि उसने कैप्सूल को निगल रखा है और तस्करी कर भारत ले आया, क्योंकि ब्राजील के माफियाओं ने धमकी दी थी कि परिवार को मार देगा।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
आरोपित केवल पुर्तगाली भाषा में बात करता है और इसलिए बातचीत में दिक्कत हो रही है। उसकी मां से संपर्क करने का प्रयास किया गया है। वह पांच दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहा और अब भी डरा हुआ है। वकील ने अदालत में कहा कि उन्हें उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच होगी। फर्नांडो को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
