दीया मिर्जा के सहारे पटाखे न फोड़ने की अपील बीएमसी को पड़ी भारी, हटाई गई पोस्ट
बीएमसी को दीपावली पर पटाखे न फोड़ने की अपील के लिए अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो इस्तेमाल करना महंगा पड़ा। ...और पढ़ें

दीवाली पर पटाखे न फोड़ने की अपील बीएमसी को पड़ी भारी।
HighLights
बीएमसी ने दीपावली पर पटाखे न फोड़ने की अपील की।
दीया मिर्जा का वीडियो भाजपा के विरोध के बाद हटाया गया।
भाजपा ने दीया मिर्जा पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। दीपावली पर सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे न फोड़ने, ध्वनि और वायु प्रदूषण से बचने की अपील करना बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को भारी पड़ गया है। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शुरू किए गए बीएमसी के इंटरनेट मीडिया अभियान में अभिनेत्री और पर्यावरण कार्यकर्ता दीया मिर्जा का वीडियो शामिल करने पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम के विरोध के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल से हटा दिया है। यहां तक कि मुंबई महानगरपालिका की महापौर ऋतु तावड़े ने भी इस अभियान का विरोध किया था।
बीएमसी ने दीपावली के दौरान नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए एक अभियान शुरू किया था। इसके तहत कई चर्चित हस्तियों के वीडियो जारी किए गए थे। इनमें दीया मिर्जा ने मुंबईकरों से सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे न फोड़ने और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की थी।
साटम ने लिखा पोस्ट
रविवार रात साटम ने इस पर आपत्ति जताते हुए एक्स पर लिखा कि मुंबईकरों को दीया मिर्जा से दीपावली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं और संस्कृति गहरी जड़ों से जुड़ी हैं। साटम के इस बयान के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का वीडियो हटा दिया।
हालांकि, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और अभिनेत्रियों माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाघ तथा हर्षदा खानविलकर के वीडियो बीएमसी के इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर अब भी उपलब्ध हैं। साटम के अनुसार, दीया मिर्जा ऐसे समूह का हिस्सा हैं, जो देश में अराजकता फैलाने और अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रहा है। इसलिए, उन्हें दीपावली मनाने के तरीके पर उपदेश देने की जरूरत नहीं है।
पूर्व महापौर और शिवसेना (यूबीटी) नेता किशोरी पेडणेकर ने साटम के हस्तक्षेप पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर अमित साटम महानगरपालिका के मामलों में इतने सक्रिय क्यों हैं। यदि बीएमसी को अपने पोस्ट हटाने पड़ रहे हैं तो महानगरपालिका को ही बंद कर देना चाहिए।
दीया मिर्जा ने जारी किया बयान
इस पर दीया मिर्जा ने एक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा है कि यह वीडियो जन जागरूकता के लिए बनाया गया था, जिसका उद्देश्य दिवाली को और अधिक स्वस्थ और समझदारी भरे तरीके से मनाने के लिए प्रोत्साहित करना था। वायु प्रदूषण जन स्वास्थ्य से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा है। इसे कम करने की हर कोशिश सभी के लिए एक बेहतर पर्यावरण की दिशा में उठाया गया कदम है।
हिंदुत्व के खिलाफ बोलने वालों को भाजपा कार्यकर्ता उचित जवाब देंगे : महापौर
मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने कि इन वीडियो के लिए किसी सेलिब्रिटी को भुगतान नहीं किया गया था, लेकिन वीडियो बनाने वाली हस्तियों की सूची महापौर के साथ साझा की जानी चाहिए थी। मुंबई सभी धर्मों और जातियों के लोगों का शहर है, लेकिन हिंदुत्व के खिलाफ बोलने वालों को भाजपा कार्यकर्ता उचित जवाब देंगे।
वो बकरीद, ईद और मुहर्रम के दौरान इस तरह की अपील नहीं करतीं : राणे
मंत्री नीतेश राणे ने भी दीया मिर्जा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बकरीद, ईद और मुहर्रम के दौरान इस तरह की अपील नहीं करतीं। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता जोरू भटेना ने कहा कि साटम को संदेश से नहीं, बल्कि संदेश देने वाली व्यक्ति से आपत्ति है। बीएमसी की हटाई गई पोस्ट में स्पष्ट किया गया था कि बांबे हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ना प्रतिबंधित है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।