यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Maharashtra News: भाजपा नेता ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को मारी गोली, मौत; स्वास्थ्य समस्याओं से थे पीड़ित
Maharashtra News भाजपा नेता भगीरथ बियाणी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ...और पढ़ें

मुंबई/बीड, एजेंसी। Maharashtra News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता भगीरथ बियाणी (Bhagirath Biyani) ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। बियाणी काफी समय से स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे। घटना महाराष्ट्र के बीड (Beed) की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिर में गोली मारकर दी जान
प्रेट्र के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि भाजपा की बीड शहर इकाई के प्रमुख भगीरथ बियाणी ने पेठ बीड थाना क्षेत्र के मीरा नगर इलाके में अपने घर पर कथित तौर पर लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को सिर में गोली मार ली। बियाणी के परिवार के सदस्यों ने दोपहर में उसे मृत अवस्था में पाया और उसे अस्पताल ले गए, जहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे बियाणी
बीड के पुलिस अधीक्षक नंद कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। बियाणी के कान के ऊपर एक गोली का घाव पाया गया, मामले की जांच जारी है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि भाजपा नेता बियाणी कुछ स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थे। सोमवार की रात बियानी सोने गए, लेकिन मंगलवार सुबह वह अपने कमरे से बाहर नहीं आए। उनके परिवार के सदस्यों ने जबरदस्ती दरवाजा खोला और उसे मृत अवस्था में पाया। पुलिस ने इस संबंध में कई लोगों से पूछताछ की है।
सांगली में परिवार के नौ सदस्य पाए गए थे घर में मृत
गत जून में सांगली में दो भाइयों के परिवार के नौ सदस्य अपने घर में मृत पाए गए थे। पुलिस के अनुसार, पोपट शिक्षक थे, जबकि माणिक एक पशु चिकित्सक थे। दोनों भाइयों ने विभिन्न लोगों से पैसे उधार लिए थे।महानिरीक्षक (कोल्हापुर रेंज) मनोज कुमार लोहिया ने कहा, जिन घरों में शव मिले हैं, वे एक दूसरे से 1.5 किमी दूर हैं। माणिक वानमोर के घर में छह शव पाए गए। इनमें माणिक के साथ उनकी पत्नी, मां, बेटी, बेटे और भतीजे (पोपट वानमोर के बेटे) के शव शामिल हैं। वहीं, पोपट के घर से पोपट वानमोर, उनकी पत्नी और बेटी के शव पाए गए। सुसाइड नोटों से पता चलता है कि उन्होंने बहुत अधिक उधार लिया था।
