पुणे: '25 हजार रुपए देकर बुलाए इंफ्लुएंसर्स', राहुल के कार्यक्रम पर बीजेपी ने साधा निशाना
भाजपा ने कांग्रेस पर राहुल गांधी के पुणे कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' के लिए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को 25 हजार रुपये देने का आरोप लगाया है।
-1787317325136_m.webp)
भाजपा ने राहुल गांधी के कार्यक्रम पर आरोप लगाए

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, मुंबई। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 22 अगस्त को पुणे में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
भाजपा का दावा है कि कांग्रेस सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को कार्यक्रम में शामिल होने और अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इसका प्रचार करने के लिए 25 हजार रुपए तक की पेशकश कर रही है। भाजपा ने एक कथित फोन बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।
भाजपा की ओर से साझा किए गए वीडियो में एक व्यक्ति खुद को ‘शांतनु’ बताते हुए एक महिला सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से बातचीत करता सुनाई दे रहा है।
बातचीत में वह उसे 22 तारीख को होने वाले एक कार्यक्रम में शामिल होने और उसके बारे में सोशल मीडिया पर सामग्री साझा करने के लिए कहता है। दावा किया गया है कि इसके लिए उसे 25 हजार रुपए दिए जाएंगे, जिसमें यात्रा खर्च भी शामिल होगा।
भाजपा ने राहुल गांधी के कार्यक्रम पर आरोप लगाए
हालांकि, बातचीत में राहुल गांधी, कांग्रेस या ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं है। भाजपा ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए इंफ्लुएंसर्स को पैसे दिए जा रहे हैं।
पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का नेतृत्व इतना कमजोर है कि कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इंफ्लुएंसर्स को 25 हजार रुपये देने का दावा
राहुल गांधी का राष्ट्रव्यापी छात्र संवाद अभियान ‘छात्रों की गूंज’ 22 अगस्त को पुणे के एसएसपीएमएस कालेज मैदान में आयोजित होना है। कार्यक्रम शाम 4:30 बजे से रात 9:30 बजे तक प्रस्तावित है।
इसमें करीब आठ से दस हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। कार्यक्रम में विशेष रूप से युवा महिलाओं से जुड़े मुद्दों और परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर चर्चा होगी।
पुणे पुलिस ने थी कार्यक्रम की अनुमति
पुणे पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति देते हुए आयोजकों के लिए कई शर्तें तय की हैं। इनमें निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं देने, पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग बैठने की व्यवस्था तथा कम से कम चार प्रवेश और निकास द्वार बनाने के निर्देश शामिल हैं।
महिला प्रतिभागियों की तलाशी केवल महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा किए जाने की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है। पुलिस ने मंच और शामियाने के लिए प्रमाणित संरचना तथा पीडब्ल्यूडी फिटनेस प्रमाणपत्र अनिवार्य किया है।
मंच के सामने ‘डी-कॉर्डन’ बैरिकेडिंग और पूरे परिसर में दिन-रात काम करने वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। ड्रोन कैमरों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।
यह भी पढ़ें- पैलेट गन मामले में दिल्ली पुलिस को लेना पड़ा एक्शन, राहुल गांधी के धरने के बाद अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज
यह भी पढ़ें- राहुल का धरना, FIR की मांग और टकराव... पैलेट गन को लेकर DCP कार्यालय के बाहर क्या-क्या हुआ?
