राहुल गांधी के 7 घंटे धरने के बाद पैलेट गन मामले में केस दर्ज, पुलिस ने सौंपी FIR की कॉपी
राहुल गांधी के 7 घंटे के धरने के बाद जंतर-मंतर पर पैलेट गन के कथित इस्तेमाल के मामले में दिल्ली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह कार्रवाई साहिल लोचब की शिकायत पर हुई, जिसमें छात्रों के घायल होने का आरोप है।
HighLights
राहुल गांधी ने पैलेट गन मामले में एफआईआर की मांग की।
दिल्ली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज की।
जंतर-मंतर प्रदर्शन में छात्रों के घायल होने का आरोप।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल के मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए साहिल लोचब की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे थे।
इससे पहले राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के कुछ जवानों ने पैलेट गन का इस्तेमाल किया, जिससे कई छात्र घायल हुए। राहुल गांधी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी।

पुलिस की ओर से तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने पर राहुल गांधी डीसीपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने कहा था कि जब तक पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, तब तक वह थाने में ही रहेंगे।
पुलिस पर बर्बरता का लगाया था आरोप
धरने के दौरान राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर युवाओं के साथ कथित बर्बरता का आरोप लगाया। उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मामले को लेकर थाने के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई और बैरिकेडिंग की गई। कनॉट प्लेस की तरफ से संसद मार्ग थाने की ओर आने वाले वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई।

अब साहिल लोचब की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच करेगी। एफआईआर में किन धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और जांच में आगे क्या सामने आता है, इस पर पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।