महाराष्ट्र: बीड में श्रद्धालुओं से भरी कार और बस की टक्कर, 5 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के बीड जिले में माजलगांव के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और ...और पढ़ें

HighLights
बीड में कार-बस टक्कर, पांच श्रद्धालुओं की मौत।
माजलगांव-तेलगांव मार्ग पर सुबह 11 बजे हादसा।
स्थानीय लोगों ने खराब सड़क को बताया जिम्मेदार।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के बीड जिले में स्थित माजलगांव तालुका के शिंडेवाड़ी फाटा के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तुलजापुर में देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी हुंडई कार और महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) की बस के बीच सुबह करीब 11:00 बजे आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा माजलगांव-खामगांव-पंढरपुर नेशनल हाईवे पर माजलगांव-तेलगांव मार्ग के निकट हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग माजलगांव शहर और उसके आसपास के इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं।
ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ गैर-इरादतन लापरवाही का मामला दर्ज करने की मांग की है।
