विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाराष्ट्र: सोने की चेन के लिए की दोस्त की हत्या, दो नाबालिगों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए रची 'दृश्यम' जैसी साजिश

Published: Sat, 17 Oct 2026 04:20 PM (IST)

महाराष्ट्र के ठाणे में दो नाबालिगों ने सोने की चेन के लिए अपने 17 वर्षीय दोस्त प्रज्योत कांबले की हत्या कर दी।

सोने की चेन के लिए की दोस्त की हत्या।

सोने की चेन के लिए की दोस्त की हत्या।

HighLights

  1. नाबालिगों ने सोने की चेन के लिए दोस्त की हत्या की।

  2. शव जलाकर, मोबाइल फेंककर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास।

  3. सीसीटीवी और तकनीकी जांच से 'दृश्यम' साजिश का खुलासा।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे में पैसों की जरूरत पूरी करवे के लिए दो नाबालिग लड़कों ने अपने 17 वर्षीय दोस्त प्रज्योत कांबले की सोने की चेन के लिए उसकी हत्या कर दी। इसके बाद, पुलिस को गुमराह करने के लिए उसके शव को जला दिया और उसका मोबाइल फोन एक बस में फेंक दिया।

ठाणे के आजाद नगर का रहने वाला प्रज्योत 24 सिंतबर को शाम करीब 7 बजे लापता हो गया। अगले दिन, उसके पिता ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अपहरण का मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान, पुलिस ने प्रज्योत के एक दोस्त से पूछताछ की। उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए दावा किया कि प्रज्योत को एक अनजान लड़के साथ बाइक पर घोड़बंदर इलाके की तरफ जाते हुए देखा था। हालांकि, पुलिस ने रास्ते में लगे 80 से 90 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली, जिससे पता चला कि उसका दावा झूठा था।

इसके बाद, जांचकर्ताओं ने तकनीकी सबूतों और मोबाइल लोकेशन डेटा के आधार पर उसी दोस्त से दोबारा पूछताछ की। पूछताछ के दौरान ही हत्या की साजिश का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, प्रज्योत ने सोने की चेन पहनी हुई थी, जिसे लेने के लिए उसके दो नाबालिग दोस्तों ने योजना बनाई थी। उसमें से एक अपना जन्मदिन मनाना चाहता था, जबकि दूसरा बाइक खरीदना चाहता था।

सिगरेट पीने के बहाने सुनसान जगह ले गए

24 सितंबर को, दोनों लड़के प्रज्योत को सिगरेट पीने के बहाने ठाणे के बह्मांड फेज 2 इलाके के पास एक सुनसान और झाड़ियों वाली जगह पर ले गए। वहां उन्होंने चाकू से उस पर हमला किया और पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी

सबूत मिटाने के इरादे से, लड़कों ने उसके शव पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी। आरोप है कि आरोपियों ने प्रज्योत का मोबाइल फोन एक बस में फेंक दिया था ताकि उसकी लोकेशन का पता न चल सके। उन्होंने दृश्यम की तर्ज पर एक साजिश रची थी, जिसका मकसद पुलिस को गुमराह करना था। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के दौरान उनकी यह साजिश नाकाम हो गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया गया है और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले की जांच चल रही है।