विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भांजे इमरान को नोटिस के बीच आमिर खान की राज ठाकरे से मुलाकात, मुंबई में सियासी हलचल तेज

Published: Mon, 19 Oct 2026 09:03 AM (IST)

अभिनेता इमरान खान को एफआरआरओ द्वारा भारत छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद उनके मामा आमिर खान ने राज ठाकरे से मुलाकात की, जिससे राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

HighLights

  1. इमरान खान को एफआरआरओ से भारत छोड़ने का नोटिस मिला।

  2. आमिर खान ने राज ठाकरे से मुलाकात की, राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी।

  3. इमरान ने नोटिस को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता इमरान खान को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) द्वारा 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया गया। इस बीच, उनके मामा और अभिनेता आमिर खान ने रविवार को दादर में एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे से घर पर मुलाकात की। इस मुलाकात से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

दरअसल, बीते 10 अक्टूबर को शहर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन स्थल से अमेरिकी नागरिकता वाले इमरान खान को हिरासत में लिया गया था। इस दौरान उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया था।

निर्देश को तर्कहीन और पूरी तरह से गलत बताया

इमरान ने शनिवार को मुंबई स्थित विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) द्वारा जारी नोटिस को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी है। इमरान ने इसे मनमाना, तर्कहीन और पूरी तरह से गलत बताते हुए प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विरुद्ध बताया।

उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि यह नोटिस उन्हें सुनवाई का मौका दिए बिना जारी किया गया था और यह संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत समानता के उनके मौलिक अधिकार और अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के उनके मौलिक अधिकार का उल्लंघन करता है।

ओसीआई रद क्यों नहीं की जानी चाहिए?

उसी दिन, एफआरआरओ ने इमरान को कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा कि उनकी भारतीय नागरिकता (ओसीआई) रद क्यों नहीं की जानी चाहिए। इसमें स्वीकार किया गया कि विरोध प्रदर्शन में भागीदारी, हिरासत और एफआईआर अपने आप में आरोपों का निर्णायक सबूत नहीं हैं और न ही उनकी ओसीआई पंजीकरण रद करने का स्वतः आधार हैं।

यह भी पढ़ें- 'इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं; प्रदर्शनों से रहें दूर', भारत छोड़ने का नोटिस मिलने पर बोले चिराग पासवान

यह भी पढ़ें- इमरान खान के समर्थन का इंग्लैंड के दिग्गजों ने भुगता नुकसान, पीसीबी ने नहीं दी नौकरी