उमरिया के जंगल में मिला तेंदुए का शव, पास में मृत गाय भी मिली; शिकार को लेकर बाघ से संघर्ष की आशंका
उमरिया जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र में एक तेंदुए का शव मिला है, जिसके पास ही एक मृत गाय भी ...और पढ़ें

जंगल में पड़ा तेंदुए का शव। (सौजन्य वन विभाग)
HighLights
उमरिया के घुनघुटी वन परिक्षेत्र में मिला मृत तेंदुआ।
मृत गाय और बाघ के पगमार्ग भी घटनास्थल पर मिले।
बाघ-तेंदुए के बीच संघर्ष की आशंका, जांच जारी है।
डिजिटल डेस्क, उमरिया। उमरिया जिले के घुनघुटी वन परिक्षेत्र में एक तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। रविवार देर शाम कांचोदर बीट के अमहाईधार स्थित आरएफ-233 क्षेत्र में तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। घटनास्थल के पास ही गाय का शव भी पड़ा था। मौके पर बाघ के पगमार्ग मिलने से आशंका जताई जा रही है कि गाय के शिकार को लेकर तेंदुए और बाघ के बीच संघर्ष हुआ होगा। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
वन विभाग के अनुसार, मृत तेंदुए की उम्र करीब सात से 10 वर्ष के बीच आंकी गई है। घटनास्थल पर गाय का आधा खाया हुआ शव भी मिला है। इसके अलावा आसपास बाघ के पगमार्ग पाए गए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर बाघ और तेंदुए के बीच संघर्ष की आशंका को बल मिला है।
घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य, वन विभाग ने की जांच
तेंदुए का शव मिलने की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और मैदानी अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के साक्ष्य जुटाए और मौत से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल की। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि तेंदुए की मौत बाघ के साथ संघर्ष में हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह रही।
यह भी पढ़ें- चीता के शिकार में दो सगे भाई गिरफ्तार, मुरैना से STF ने बरामद की लाइसेंसी बंदूक
जांच के बाद हुआ अंतिम संस्कार
वन विभाग ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सोमवार को तेंदुए के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। फिलहाल बाघ के पगमार्ग और घटनास्थल पर मिले अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तेंदुए की मौत के पीछे वन्यजीवों के बीच संघर्ष था या कोई अन्य कारण।