विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उमरिया में कोयले से भरा ट्रक खाई में पलटा, 40 टन कोयले के नीचे दबा खलासी; 9 घंटे बाद निकाला

Published: Sun, 01 Nov 2026 07:41 PM (IST)

उमरिया में कोयले से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिससे चालक और खलासी अंदर फंस गए। ...और पढ़ें

ट्रक का कंडक्टर जिसे रेस्क्यू करने के बाद एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। (सौजन्य-.इंटरनेट मीडिया)

ट्रक का कंडक्टर जिसे रेस्क्यू करने के बाद एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। (सौजन्य-.इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. उमरिया में कोयले से भरा ट्रक खाई में गिरा।

  2. चालक दो घंटे में, खलासी नौ घंटे में निकला।

  3. 40 टन कोयले के नीचे 9 घंटे दबा रहा खलासी।

डिजिटल डेस्क, उमरिया। उमरिया में कोयले से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का केबिन नीचे की ओर दब गया और उसका डाला ऊपर उठकर खड़ा हो गया। डाले में भरा 40 टन से अधिक कोयला सीधे केबिन पर आ गिरा। इससे चालक और खलासी अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया। चालक को करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाल लिया गया, जबकि खलासी को बाहर निकालने में रेस्क्यू टीम को नौ घंटे लग गए।

केबिन पर पलट गया कोयले का पूरा ढेर

जानकारी के अनुसार, ट्रक शहडोल से कोयला लेकर कटनी की ओर जा रहा था। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात घोरचत्र नदी से ठीक पहले चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे खाईनुमा जगह में जा गिरा और केबिन के बल खड़ा हो गया। ट्रक का डाला ऊपर उठ गया, जबकि उसमें भरा पूरा कोयला केबिन पर आ गया। चालक भगवान दास और खलासी राजाराम वाहन में फंस गए।

दो घंटे में निकला चालक, खलासी को बचाने में लगे नौ घंटे

हादसे की सूचना पर पुलिस ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू शुरू कराया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चालक भगवान दास को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद खलासी राजाराम को निकालने का अभियान शुरू हुआ।

राजाराम चालक के विपरीत दिशा में फंसा हुआ था और कोयले के भारी ढेर के नीचे दब गया था। उसकी स्थिति तक पहुंचना और उसे बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था। पुलिस, रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों ने लगातार प्रयास जारी रखे। करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद रविवार सुबह आठ बजे खलासी को बाहर निकाला जा सका।

यह भी पढ़ें- इंदौर में फिल्मी अंदाज में युवक को भतीजे संग किया अगवा, खदान में बंधक बनाकर डंडों से पीटा

अचेत हालत में अस्पताल पहुंचाया

रेस्क्यू के बाद खलासी राजाराम अचेत अवस्था में मिला। उसे तत्काल पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक बचाव कार्य चलता रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।