विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदौर में फिल्मी अंदाज में युवक को भतीजे संग किया अगवा, खदान में बंधक बनाकर डंडों से पीटा

Published: Sun, 01 Nov 2026 07:00 PM (IST)

इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में एक युवक और उसके भतीजे को नौकरी पर जाते समय अगवा कर लिया गया। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. युवक और भतीजे को नौकरी पर जाते समय अगवा किया।

  2. खदान में ले जाकर बंधक बनाकर दोनों को बेरहमी से पीटा।

  3. मोबाइल तोड़ा, पर्स-अंगूठी भी छीनी, तीन पर FIR दर्ज।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में नौकरी पर जा रहे एक युवक और उसके भतीजे को रास्ते में रोककर अगवा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार बदमाश दोनों को जबरन नीलगिरी परिसर की एक खदान में ले गए और वहां बंधक बनाकर डंडों से बेरहमी से पिटाई की। आरोपितों ने युवक का मोबाइल तोड़ दिया और पर्स व अंगूठी भी छीन ली। पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कॉलेज के सामने बाइक रोकी, ले गए खदान

पुलिस के अनुसार, घटना तिल्लोर खुर्द स्थित शिवाजी राव कदम कॉलेज के सामने हुई। बिहाड़िया निवासी ऋतिक उर्फ रुद्रसिंह पटेल ने कुणाल उर्फ टीटू गुर्जर निवासी दूधिया, अनुज गुर्जर और रोहित चौधरी निवासी तिल्लौर बामन टेकरी सहित उनके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

ऋतिक ने पुलिस को बताया कि वह एक चाय कंपनी में नौकरी करता है। शनिवार को वह अपने भतीजे अभिषेक पटेल के साथ बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान कॉलेज के सामने दो बाइकों पर आए कुणाल और उसके साथियों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोपितों ने उनसे रितिक यादव के बारे में पूछताछ शुरू कर दी।

युवती को बुलाने की जिद, इन्कार पर की मारपीट

शिकायत के मुताबिक, रितिक यादव कुछ दिन पहले बिहाड़िया से एक युवती के साथ लापता हो गया था। आरोपितों को संदेह था कि रितिक यादव और ऋतिक उर्फ रुद्रसिंह के बीच बातचीत होती है। इसी शक के आधार पर वे दोनों चाचा-भतीजे को नीलगिरी परिसर में स्थित खदान में ले गए।

आरोप है कि वहां दोनों को बंधक बनाकर डंडों से पीटा गया। आरोपित लगातार रितिक यादव और उसके साथ गई युवती को बुलाने का दबाव बना रहे थे। वे कह रहे थे कि युवती को बुलाओ, तभी बंधन से मुक्त किया जाएगा। इस दौरान दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए गए। ऋतिक का मोबाइल तोड़ दिया गया और उसकी अंगूठी भी छीन ली गई।

यह भी पढ़ें- रतलाम में पहचान छिपाकर युवती के साथ ठहरा रिजवान, होटल मालिक भी गिरफ्तार; कमरे में मिली करवाचौथ की पूजन सामग्री

सहकर्मी ने स्वजन को दी सूचना 

घटना के दौरान चाय कंपनी में काम करने वाले एक अन्य युवक ने किसी तरह स्वजन को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन इससे पहले ही आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों को नामजद करते हुए अन्य साथियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।