गब्बर, सुल्तान और जय-वीरू का जंगल… कान्हा-पेंच के बीच स्थित सोनेवानी बना बाघों का नया ठिकाना; गूंज रही 60 से ज्यादा टाइगर की दहाड़
बालाघाट का सोनेवानी जंगल कान्हा-पेंच और नवेगांव-नागझीरा के बीच बाघों के लिए एक महत्वपूर्ण और तेजी से उभरता हुआ नया ...और पढ़ें

सोनेवानी के जंगल में विचरती बाघिन हिना को निहारते पर्यटक।
HighLights
सोनेवानी जंगल बाघों के लिए तेजी से उभरता नया ठिकाना।
कान्हा-पेंच और नवेगांव-नागझीरा के बीच महत्वपूर्ण कॉरिडोर।
60 से अधिक बाघों की मौजूदगी, पर्यटन को बढ़ावा।
डिजिटल डेस्क, बालाघाट। प्रदेश के बालाघाट जिले में सोनेवानी का जंगल बाघों के लिए तेजी से उभरते अनुकूल रहवास के रूप में पहचान बना रहा है। कान्हा-पेंच टाइगर रिजर्व और महाराष्ट्र के नवेगांव-नागझीरा के बीच स्थित इस वन क्षेत्र में पर्याप्त भोजन, पानी और सुरक्षित वातावरण मिलने से बाघों की आवाजाही और आबादी बढ़ रही है। सोनेवानी, कटंगी-तिरोड़ी, लामता और लौंगुर क्षेत्र में 60 से अधिक बाघों की मौजूदगी का अनुमान है।
इस जंगल में गौरा, हिना, शर्मीली, जुगनी, पुजारन और बंजारन जैसी बाघिनों ने कुनबा बढ़ाया है। इनके शावक अब बड़े हो रहे हैं, जिससे इलाके में बाघों की संख्या लगातार बढ़ने की संभावना है। वहीं, गब्बर, सुल्तान और जय-वीरू जैसे बाघों ने अपनी मौजूदगी से जंगल को वन्यजीव प्रेमियों के बीच खास पहचान दिलाई है। गब्बर पिछले तीन साल से इस क्षेत्र में विचरण कर रहा है।
सफारी में पर्यटकों को हो रहे बाघों के दीदार
सोनेवानी जंगल में वन्यजीव पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। नवेगांव, रमरमा और अंतरा गेट से संचालित सफारी के माध्यम से पर्यटक जंगल में बाघों का दीदार कर रहे हैं। वर्ष 2015 में इस क्षेत्र को वन्य प्राणी अनुभूति क्षेत्र घोषित किया गया था। सीमित संसाधनों के बावजूद यहां सफारी शुरू की गई, जिसके बाद धीरे-धीरे पर्यटकों की दिलचस्पी बढ़ने लगी।
दो मई 2025 को प्रदेश सरकार ने सोनेवानी को कंजर्वेशन रिजर्व घोषित करने का निर्णय लिया। दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में पर्यटकों की सुविधा के लिए पांच स्थायी वाच टावर और दो स्थानों पर वाशरूम बनाए गए हैं। जंगल के भीतर मौजूद चार वनग्रामों का विस्थापन भी हो चुका है। अब यहां वन्यजीवों के अनुकूल घास के मैदान विकसित करने की योजना प्रस्तावित है।
163 वर्ग किमी में फैला जंगल
सोनेवानी, कटंगी-तिरोड़ी और वारासिवनी वन परिक्षेत्र में कुल 163.195 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला है। इसकी भौगोलिक स्थिति इसे कान्हा, पेंच और महाराष्ट्र के जंगलों के बीच वन्यजीवों के आवागमन के लिहाज से अहम बनाती है।
यह भी पढ़ें- कूनो के चीते जहां जाएंगे, वहां पहुंचेगी सुरक्षा टीम; वन विभाग के साथ पुलिस भी संभालेगी मोर्चा
वर्ष 2022 की बाघ गणना में बालाघाट जिले में 60 बाघ दर्ज किए गए थे। वहीं, 2026 की गणना के बाद जिले के सभी वनमंडलों को मिलाकर यह संख्या 100 से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। यदि प्रस्तावित संरक्षण और आवास विकास योजनाओं को मंजूरी मिलती है, तो सोनेवानी मध्य भारत के महत्वपूर्ण टाइगर हैबिटेट के रूप में स्थापित हो सकता है।
तीन टाइगर रिजर्व के बीच का सोनेवानी कॉरिडोर है। खनन क्षेत्र छोड़कर 142 वर्ग किमी को कंजर्वेशन रिजर्व बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यहां सफारी के लिए पर्यटक आते हैं।
- गौरव चौधरी, सीसीएफ, बालाघाट।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।