विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शहडोल में बहन के साथ बरामदे में सो रही किशोरी को उठा ले गया तेंदुआ, 300 मीटर दूर झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव

Published: Wed, 04 Nov 2026 05:52 PM (IST)

शहडोल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बरामदे में सो रही एक किशोरी को तेंदुआ ...और पढ़ें

घटनास्थल के आसपास जुटे ग्रामीण। (वीडियो ग्रैब)

घटनास्थल के आसपास जुटे ग्रामीण। (वीडियो ग्रैब) 

HighLights

  1. ब्यौहारी क्षेत्र के तगावर गांव के बिजाहरा टोला में हुई घटना।

  2. घर से 300 मीटर दूर झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव।

  3. वन विभाग हमलावर तेंदुए की तलाश में, गांव में दहशत।

डिजिटल डेस्क, शहडोल। प्रदेश के शहडोल जिले में तेंदुए के हमले की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर के बरामदे में अपनी बहन के साथ सो रही किशोरी को तेंदुआ दबे पांव उठाकर ले गया। कुछ देर बाद घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई है। वन विभाग की टीम हमलावर तेंदुए की तलाश में जुटी है।

घटना ब्यौहारी थाना क्षेत्र के तगावर गांव के बिजाहरा टोला की है। मृतका की पहचान सरस्वती सिंह गोंड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार तड़के जब परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे, तभी तेंदुआ घर में घुस आया और किशोरी को उठाकर ले गया।

बहन की नींद खुली तो बिस्तर से गायब थी किशोरी

जानकारी के अनुसार सरस्वती अपनी बहन के साथ घर की परछी यानी बरामदे में सो रही थी। उसकी मां घर के अंदर बने कमरे में सोई हुई थीं। बताया गया कि घर में दरवाजा नहीं लगा था। इसी का फायदा उठाकर तेंदुआ घर के भीतर दाखिल हुआ और सरस्वती को अपने साथ ले गया।

कुछ देर बाद साथ सो रही बहन की नींद खुली तो सरस्वती बिस्तर पर नहीं मिली। उसने तुरंत मां को जगाया। इसके बाद मां और बेटी ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर उसका कंबल मिला। इसके बाद करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में किशोरी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।

सुबह चार बजे पुलिस को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सुबह करीब चार बजे ब्यौहारी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और वन विभाग को भी जानकारी दी।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और तेंदुए के हमले की पुष्टि की। घटना के बाद आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- नरसिंहपुर: मिड-डे मील में परोसी खीर-पूरी खाने से 45 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

वनमंडल अधिकारी बोलीं- वन क्षेत्र से लगा है इलाका

मौके पर पहुंचीं वनमंडल अधिकारी तरुणा वर्मा ने बताया कि घटनास्थल वन क्षेत्र से लगा हुआ इलाका है। घर में दरवाजा नहीं होने के कारण तेंदुआ अंदर घुसा और किशोरी को उठाकर ले गया।

वन विभाग की टीम अब तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने और उसे तलाशने में जुटी है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की जरूरत भी महसूस की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।