नरसिंहपुर: मिड-डे मील में परोसी खीर-पूरी खाने से 45 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
नरसिंहपुर में मध्याह्न भोजन में खीर-पूरी खाने से 45 बच्चे बीमार पड़ गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया ...और पढ़ें

अस्पताल में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते अधिकारी।
HighLights
मध्याह्न भोजन में खीर-पूरी खाने से 45 बच्चे बीमार।
दो दिन पुराने आटे से बनी पूरियों से बिगड़ी तबीयत।
कलेक्टर ने स्वसहायता समूह को हटाया,जांच के आदेश।
डिजिटल डेस्क, नरसिंहपुर। नरसिंहपुर विकासखंड की शासकीय माध्यमिक शाला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मध्याह्न भोजन में खीर-पूरी खाते ही बच्चे उल्टियां करने लगे। विद्यालय में एकता स्वसहायता समूह द्वारा भोजन बनाकर परोसा जाता है। आरोप है कि समूह द्वारा गांव के एक कार्यक्रम से लाया गया 2 दिन पुराना गुथा हुआ आटा इस्तेमाल कर पूरियां बनाई गई थीं।
पूरियों का स्वाद खराब, आ रही थी दुर्गंध
दोपहर 1:30 बजे जैसे ही बच्चों ने खाना शुरू किया, तो उन्हें स्वाद अजीब लगा। बच्चों की शिकायत पर प्रधान पाठक गणेशदत्त बादल ने भोजन चखा, तो पूरियों से खटास और दुर्गंध आ रही थी। इसके कुछ ही मिनटों बाद बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। प्रधान पाठक द्वारा आपत्ति जताने पर समूह के सदस्यों ने अपनी गलती मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रधान पाठक ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और उपलब्ध साधनों व एंबुलेंस की मदद से बच्चों को जिला अस्पताल भिजवाया।

कलेक्टर-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रजनी सिंह और एसपी डा. ऋषिकेश मीना जिला अस्पताल पहुंचे तथा डॉक्टरों को बच्चों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर प्राथमिक शाला के 8 और माध्यमिक शाला के 37 सहित कुल 45 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है।
यह भी पढ़ें- दमोह में घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा में बच्चों ने घुमाई चाबी, वाहन पलटने से नीचे दबा साढ़े तीन साल का मासूम; मौत
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर रजनी सिंह ने दूषित खाना परोसने वाले एकता स्वसहायता समूह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।