शहडोल में जेसीबी से गिराई दीवार के मलबे में दबकर 4 साल के मासूम की मौत; पिता की आंखों के सामने दर्दनाक हादसा
शहडोल जिले के भदवाही गांव में एक मकान गिराते समय दीवार ढहने से चार वर्षीय मासूम प्रिंस की मौत हो ...और पढ़ें

पुराने मकाग को गिराकर नया मकान बनाने के दौरान हादसा।
HighLights
जेसीबी से मकान गिराते समय दीवार ढही।
चार वर्षीय मासूम प्रिंस मलबे में दबा।
पिता के सामने बच्चे ने दम तोड़ा।
डिजिटल डेस्क, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में नया मकान बनाने की तैयारी एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। गोहपारू थाना क्षेत्र के ग्राम भदवाही में पुराने मकान को जेसीबी से गिराने के दौरान दीवार अचानक ढह गई। इसी दौरान वहां खेल रहा चार वर्षीय मासूम प्रिंस मलबे की चपेट में आ गया। दीवार के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्चे के पिता भी मौके पर मौजूद थे।
खेलते-खेलते दीवार के पास पहुंचा मासूम
पुलिस के अनुसार, ग्राम भदवाही निवासी दीपक जायसवाल अपने पुराने मकान को जेसीबी मशीन की मदद से गिरवा रहे थे। उनका चार वर्षीय बेटा प्रिंस भी पिता के साथ घटनास्थल पर मौजूद था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह दीवार के नजदीक पहुंच गया।
अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी और प्रिंस उसके मलबे के नीचे दब गया। बच्चे को मलबे में दबा देखकर पिता और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण बच्चे को बचाने के लिए दौड़े। सभी ने मिलकर मलबा हटाया और प्रिंस को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल बच्चे को स्वजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक उसका उपचार शुरू कर पाते, इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- शहडोल में पुलिस से डरकर तालाब में कूदे चार युवकों में तीन की मौत; एक अस्पताल में भर्ती; स्वजन ने किया हंगामा
पिता पुराने मकान को गिरवाकर नया घर बनवाना चाहते थे, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हादसे की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, इसकी जांच की जा रही है।