शहडोल में पुलिस से डरकर तालाब में कूदे चार युवकों में तीन की मौत; एक अस्पताल में भर्ती; स्वजन ने किया हंगामा
शहडोल के चौपाटी इलाके में पुलिस गश्ती दल को देखकर तालाब में कूदे चार युवकों में से तीन की डूबने ...और पढ़ें

हंगामा करते युवकों के स्वजन व अन्य।
HighLights
पुलिस गश्ती दल को देखकर तालाब में कूदे युवक।
तीन युवकों की डूबने से मौत, एक अस्पताल में भर्ती।
परिजनों ने पुलिस पर खदेड़ने का आरोप लगाया।
डिजिटल डेस्क, शहडोल। शहडोल के चौपाटी इलाके में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। झूला पुल के पास तालाब में चार युवक कूद गए। इनमें से तीन की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक को बचाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, युवक गश्ती दल को देखकर भागे और इसी दौरान तालाब में चले गए। घटना के बाद मृतकों के स्वजन और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मृतकों की पहचान कांग्रेस भवन के पीछे रहने वाले दुर्गेश वंशकार, समीर वंशकार और गौरव वंशकार के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान पंकज के तौर पर बताई गई है। उसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
गश्ती दल को देखकर तालाब की ओर भागे युवक
कोतवाली पुलिस के अनुसार, चारों युवक चौपाटी के पीछे तालाब के पास बैठकर खा-पी रहे थे। इसी दौरान नियमित गश्त पर निकली पुलिस वहां पहुंची। पुलिस को देखकर युवक घबरा गए और तालाब की ओर भागे। इस दौरान चारों पानी में कूद गए या गिर गए।
एक युवक को तत्काल बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दुर्गेश, समीर और गौरव लापता हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। बाद में तीनों युवकों के शव तालाब से बरामद किए गए।
स्वजनों ने पुलिस पर लगाए खदेड़ने के आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के स्वजन और मोहल्ले के लोग तालाब परिसर में जुट गए। लोगों ने पुलिस पर युवकों को जानबूझकर खदेड़ने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पुलिस के डर से युवक तालाब में कूदे और इसी वजह से उनकी जान चली गई।
घटना के बाद जिला अस्पताल में भी स्वजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। तालाब परिसर में भी काफी देर तक विरोध और गहमागहमी का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एक ही भवन में स्कूल व शराब दुकान! हाई कोर्ट में सरकार बोली- प्राथमिक विद्यालय पर 100 मीटर का नियम नहीं
पुलिस बोली- नियमित गश्त के दौरान हुआ हादसा
कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने युवकों को खदेड़ने के आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि पुलिस रोज की तरह गश्त कर रही थी। युवकों ने पुलिस को देखकर अचानक भागने की कोशिश की और तालाब की ओर चले गए। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार, तीन युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।