सिवनी में किशोरी को रिसोर्ट में बुलाकर शारीरिक शोषण कर रहा था संचालक का बेटा, पुलिस ने दबिश देकर तीन को पकड़ा
पुलिस ने सिवनी के शांति वन रिसोर्ट में नाबालिग से जुड़े गंभीर मामले का खुलासा करते हुए रिसोर्ट संचालक के ...और पढ़ें

किशोरी से दुराचार (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र में स्थित सुकतरा-बादलपार मार्ग पर हवाई पट्टी के पास स्थित शांति वन रिसोर्ट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिसोर्ट संचालक के बेटे सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई जांच में नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर मामले का खुलासा हुआ है।
रिसोर्ट में चल रही थीं संदिग्ध गतिविधियां
पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से रिसोर्ट में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस टीम ने रिसोर्ट पर दबिश देकर वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि रिसोर्ट संचालक का बेटा डूंडासिवनी निवासी अंकित सनोडिया (23) अपने दो साथियों के साथ मिलकर 17 वर्ष 11 माह की नाबालिग बालिका को कई बार रिसोर्ट लेकर आया था। बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल से 16 मई के बीच किशोरी को बार-बार यहां बुलाया गया।
ग्रामीणों ने किया हंगामा
इसी दौरान कुछ ग्रामीण रिसोर्ट पहुंच गए, जिसके बाद वहां जमकर हंगामा हुआ और मामला सार्वजनिक हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई।
बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ पोक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
रिसोर्ट को सील करने की तैयारी
प्रशासन अब रिसोर्ट के खिलाफ भी सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। पुलिस ने तहसीलदार को रिसोर्ट सील करने के लिए पत्र भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि पूछताछ के दौरान वहां मौजूद दो दंपतियों ने अपने वैवाहिक दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
यह भी पढ़ें- MP में 13 हजार चयनित अभ्यर्थियों पर संकट : फजी बोनस अंकों पर हाईकोर्ट की चोट, पुन: बनेगी शिक्षक भर्ती की मेरिट लिस्ट
लोगों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों और समाजसेवियों का कहना है कि रिसोर्ट में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। आसपास शैक्षणिक संस्थान और रिहायशी क्षेत्र होने के कारण लोगों ने चिंता जताते हुए रिसोर्ट को तत्काल सील करने और संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
