पलक झपकते 'एक करोड़' साफ... MP के सिवनी में सराफा कारोबारी की कार से 25 किलो चांदी, 30 तोला सोना व नकदी से भरा बैग ले उड़ा चोर
सिवनी के बरघाट में एक सराफा व्यापारी की कार से 25 किलो चांदी, 30 तोला सोना और 3 लाख नकद ...और पढ़ें

सिवनी में कार में रखे जेवर के बैग निकालता चोर। (वीडियो ग्रेब)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। 25 किलो चांदी, 30 तोला सोना और तीन लाख की नकदी रखकर दो बैग सराफा व्यापारी ने कार में रखे और दुकान में ताला लगाने लगा। इसमें चंद सेकंड ही गुजरे होंगे, इसके बाद वह जाने के लिए कार की ओर पलटा। इतनी देर में दोनों बैग गायब देख उसके होश उड़ गए। कार का जो दरवाजा उसने बंद किया था, वह खुला था।
वारदात सीसीटीवी में कैद
सीसीटीवी में दिखा कि दुकान में ताला लगाने के लिए व्यापारी के पलटते ही एक चोर आया और तेजी से उसने कार का गेट खोला फिर दोनों बैग उठाकर कुछ दूरी पर खड़ी बाइक पर बैठकर चंपत हो गया। बाइक चोर का एक साथी चला रहा था। व्यापारी के अनुसार, सोना-चांदी की कीमत और नकदी मिलाकर कुल एक करोड़ की चोरी हुई है।
मध्य प्रदेश के सिवनी जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर बरघाट कस्बा में बस स्टैंड के पास स्थित दिलीप महाजन की सराफा दुकान के बाहर से शनिवार रात को यह सनसनीखेज चोरी की वारदात अंजाम दी गई। सीसीटीवी कैमरों की सहायता से पुलिस दोनों चोरों की तलाश कर रही है।
पहले से रेकी का शक
सराफा व्यापारी दिलीप के अनुसार, उन्होंने अपनी दुकान बंद करने के बाद रोजाना की तरह घर ले जाने के लिए सारे आभूषण और नकदी बैग में रखी थी। पुलिस भी मान रही है कि जिस तरह से चोरी की घटना हुई उससे साफ है कि चोर सराफा व्यापारी पर नजर रख रहे थे। उन्हें पता था कि व्यापारी हर दिन इसी तरह बैग कार में रखता है।
यह भी पढ़ें- MP के सोनागिर जैन तीर्थ में चोरी : चंद्रप्रभु मंदिर से चांदी की मूर्ति-सिंहासन गायब, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
पुलिस ने मांगे जेवर के दस्तावेज
बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश सिंह बैस का कहना है कि बैग में सोना-चांदी के जेवर कितने वजन के थे, इस संबंध में व्यापारी से दस्तावेज मांगे गए हैं। पुलिस की टीमें आरोपितों की खोजबीन में लगी हैं।
