MP के सोनागिर जैन तीर्थ में चोरी : चंद्रप्रभु मंदिर से चांदी की मूर्ति-सिंहासन गायब, 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
दतिया जिले के प्रसिद्ध सोनागिर जैन तीर्थ स्थित चंद्रप्रभु मंदिर में चोरी की वारदात हुई। अज्ञात बदमाश चांदी की मूर्ति, ...और पढ़ें

सोनागिर स्थित जैन मंदिर में इस स्थान से चोरी गई मूर्ति।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। दतिया जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थ सोनागिर जैन तीर्थ में स्थित चंद्रप्रभु मंदिर में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश मंदिर से चांदी की मूर्ति और सिंहासन चोरी कर ले गए। इसके अलावा दो दान पेटियां तोड़कर करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी उड़ा ले गए।
साढ़े 9 किलो चांदी लेकर फरार
मंदिर समिति के मंत्री बालचंद्र जैन के अनुसार, चोर करीब साढ़े सात किलो वजनी भगवान चंद्रप्रभु की चांदी की मूर्ति और ढाई किलो का सिंहासन अलमारी तोड़कर ले गए। यह मूर्ति विगत दिसंबर में स्थापित की गई थी।
आस्था के केंद्र में वारदात से रोष
तीर्थ क्षेत्र सोनागिर जैन धर्म के लोगों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र हैं, जहां देशभर से श्रद्धालु आते हैं। इस सिद्धक्षेत्र में चोरी की घटना से जैन समाज में भारी आक्रोश है। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
सुरक्षा में चूक, 3 पुलिसकर्मी निलंबित
गौरतलब है कि 2023 में भी यहां लूट की घटना के बाद पुलिस चौकी स्थापित की गई थी और रात में चार सशस्त्र जवानों की तैनाती रहती थी। बावजूद इसके घटना के समय मंदिर के अंदर तैनात जवान मौजूद नहीं थे, जबकि एक पुलिसकर्मी चौकी में सोता मिला। लापरवाही के चलते तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
CCTV फुटेज स्पष्ट नहीं
मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन बिजली के बार-बार जाने से फुटेज स्पष्ट नहीं मिल सका। वहीं, पुलिस का स्निफर डॉग भी मंदिर परिसर की जाली तक पहुंचकर रुक गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
