सतना में मौत बनकर दौड़ी कार, बाइक सवार तीन युवकों को 100 मीटर घसीटा; जीजा-साले समेत तीनों की मौत
सतना में एक भीषण सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारकर 100 मीटर तक घसीटा, जिसके बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।

हादसे के बाद कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
शादी से लौट रहे तीन युवकों की मौत।
तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारी।
कार सवार मौके से फरार, पुलिस तलाश में।
डिजिटल डेस्क, सतना। शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की मंगलवार तड़के सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सभापुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बाइक और सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा भिड़ी। हादसे के बाद कार में सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।
शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे
पुलिस के अनुसार, लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत (24) सोमवार को बिरसिंहपुर स्थित अपनी ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह संपन्न होने के बाद वह अपने जीजा हरिलाल, निवासी पगार, और साथी रणधीर सिंह, निवासी नई बस्ती कोलगवां, के साथ बाइक से गांव लौट रहा था।
मंगलवार तड़के डोमहाई गांव के पास सामने से आ रही कार क्रमांक एमपी 19 जेडआर 8610 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार में फंस गई और दोनों वाहन सड़क किनारे बिजली के पोल तक घिसटते चले गए।

दो ने मौके पर दम तोड़ा
हादसे में हरिलाल हरिजन और रणधीर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सत्यनारायण गंभीर रूप से घायल हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बिरसिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- पति से अफेयर के शक में रीवा के बाजार में भिड़ीं दो महिलाएं, मारपीट का Video वायरल
कार जब्त, फरार चालक और सवारों की तलाश
हादसे के बाद कार में मौजूद चालक और अन्य लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार जब्त कर ली है और फरार लोगों की पहचान व तलाश शुरू कर दी है। सत्यनारायण का पोस्टमार्टम सतना जिला अस्पताल में कराया जाएगा, जबकि हरिलाल और रणधीर के शवों का पोस्टमार्टम बिरसिंहपुर में होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।