सतना के सीमेंट प्लांट में बड़ी चोरी: 15 नकाबपोश ले उड़े 1,120 डेटोनेटर, अवैध खनन से जुड़ रहे तार
सतना के रामस्थान स्थित जेपी सीमेंट प्लांट से 15 नकाबपोश बदमाशों ने 1,120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और तांबे की पट्टी चुरा ली। अवैध खनन में इनके इस्तेमाल की आशंका है। इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

भिलाई जेपी सीमेंट प्लांट से चोरी हुए डेटोनेटर।
HighLights
सतना के जेपी सीमेंट प्लांट से 1120 डेटोनेटर चोरी।
15 नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम।
अवैध खनन में उपयोग की आशंका, पुलिस जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, सतना। जिले के रामस्थान स्थित भिलाई जेपी सीमेंट प्लांट में विस्फोटक सामग्री की बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां प्लांट की मैगजीन (विस्फोटक भंडारण कक्ष) से करीब 15 नकाबपोश बदमाश 1,120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर चुराकर फरार हो गए। बदमाशों ने परिसर में लगे तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) की तांबे की पट्टी भी चोरी कर ली। घटना 23 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
बड़ी संख्या में संवेदनशील विस्फोटक उपकरण गायब होने की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। मामले की जानकारी माइंस एवं सुरक्षा विभाग के निरीक्षण के दौरान मिली। इसके बाद कंपनी के सुरक्षा प्रभारी विनोद सिंह ने कोलगवां थाना क्षेत्र की बाबूपुर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
15 नकाबपोश बदमाशों ने कैसे दिया वारदात को अंजाम?
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने रात के समय प्लांट की मैगजीन को निशाना बनाया और वहां रखे 1,120 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर लेकर निकल गए। चोरी के दौरान उन्होंने परिसर में लगे लाइटनिंग अरेस्टर की तांबे की पट्टी भी नहीं छोड़ी। हालांकि, बदमाश प्लांट परिसर में कैसे दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से फरार हुए, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
अवैध खनन में इस्तेमाल की आशंका
पुलिस इस चोरी के पीछे अवैध उत्खनन के नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है। कोटर और बिरसिंहपुर इलाके में अवैध खनन की गतिविधियां पहले भी सामने आती रही हैं। चट्टानों को तोड़ने के लिए विस्फोटक सामग्री की जरूरत पड़ती है। ऐसे में आशंका है कि चोरी किए गए डेटोनेटर का इस्तेमाल अवैध खनन में किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- बालाघाट में सड़क हादसे के बाद पुलिस पर हमला, 20 से ज्यादा लोगों ने की मारपीट; 3 जवान घायल
संवेदनशील उपकरणों की चोरी से बढ़ी चिंता
इलेक्ट्रिक डेटोनेटर नियंत्रित विस्फोट के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले संवेदनशील उपकरण हैं। इनकी सामान्य बाजार में उपलब्धता भी आसान नहीं होती। इतनी बड़ी संख्या में डेटोनेटर चोरी होने से इनके संभावित दुरुपयोग को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान, चोरी किए गए उपकरणों की बरामदगी और वारदात के पीछे के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।