विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बालाघाट में सड़क हादसे के बाद पुलिस पर हमला, 20 से ज्यादा लोगों ने की मारपीट; 3 जवान घायल

Published: Wed, 25 Nov 2026 04:27 PM (IST)

बालाघाट के बिरसा थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना के बाद हालात बिगड़ गए, जब भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से एक आरक्षक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

अस्पताल में उपचाररत पुलिस जवान।

अस्पताल में उपचाररत पुलिस जवान।

HighLights

  1. सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस पर भीड़ का हमला।

  2. 20 से अधिक लोगों ने पुलिसकर्मियों को पीटा।

  3. तीन पुलिस जवान घायल, एक अस्पताल में भर्ती।

डिजिटल डेस्क, बालाघाट। जिले के बिरसा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद हालात उस समय बिगड़ गए, जब हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस को भीड़ के आक्रोश का सामना करना पड़ा। 20 से अधिक लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। मारपीट में तीन जवान घायल हुए हैं। एक आरक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि नक्सल उन्मूलन अभियान में तैनात विशेष सहयोगी दस्ता (एसएसयू) के दो जवान भी चोटिल हुए हैं।

घटना बुधवार रात करीब 11 बजे अचानकपुर और कचनारी के बीच हुई। छत्तीसगढ़ के साल्हेवारा निवासी 26 वर्षीय ठुमेंद्र पिता रामचंद्र पांचे अपने बेटे के नामकरण समारोह का निमंत्रण कार्ड देने अचानकपुर आए थे। वापस लौटते समय उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में ठुमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

क्लीनर को पीट रही थी भीड़, पुलिस ने छुड़ाया

घटनास्थल के पास ही एक गांव में मड़ई-मेला चल रहा था। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर कुछ लोग मौके पर पहुंचे और सालेटेकरी पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तब भीड़ ट्रक के क्लीनर की पिटाई कर रही थी। पुलिस ने हस्तक्षेप कर क्लीनर को लोगों से छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया।

ट्रक चालक को बुलाने की मांग पर पुलिस से भिड़े लोग

क्लीनर को बचाने के बाद भी मौके पर मौजूद लोग ट्रक चालक को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसी बात को लेकर पुलिस से बहस शुरू हो गई। लोगों ने पुलिस पर ट्रक चालक को मौके से भगाने का आरोप लगाया और गाली-गलौच करने लगे। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और भीड़ ने आरक्षक तोमेश बघेले तथा एसएसयू जवान संदीप मेरावी और पीयूष रनकुहे पर हमला कर दिया और मारपीट की।

यह भी पढ़ें- जबलपुर के होटल में शाकाहारी व्यंजन के ऑर्डर पर परोस दिया चिकन, जैन परिवार ने जताई नाराजगी; Video वायरल

एक आरक्षक अस्पताल में भर्ती, हमलावरों की तलाश

हमले में आरक्षक तोमेश बघेले को चोटें आई हैं, जिन्हें बिरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसयू के दोनों जवान संदीप मेरावी और पीयूष रनकुहे भी घायल हुए हैं।

बैहर एसडीओपी चंद्रशेखर पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।