विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कॉलेज की दोस्ती से शादी तक, रीवा में मिले दो SDM अब बने जीवनसाथी; पढ़ें संघर्ष से सफलता तक की दिलचस्प कहानी

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:33 PM (GMT+05:30)

रीवा के कॉलेज में शुरू हुई दोस्ती अब जीवनभर के रिश्ते में बदल गई है, जहां दो युवा प्रशासनिक अधिकारी सोमेश द्विवेदी और अर्चना मिश्रा ने शादी कर ली। उनकी संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक कहानी, जिसमें गांव से निकलकर SDM बनने तक का सफर शामिल है, पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई है।

एसडीएम सोमेश द्विवेदी-अर्चना मिश्रा ने किया विवाह। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

एसडीएम सोमेश द्विवेदी-अर्चना मिश्रा ने किया विवाह। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया) 

HighLights

  1. सोमेश द्विवेदी और अर्चना मिश्रा, दोनों SDM, विवाह बंधन में बंधे।

  2. उनकी दोस्ती रीवा के मॉडल साइंस कॉलेज में शुरू हुई थी।

  3. गांव से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने की प्रेरक कहानी।

डिजिटल डेस्क, रीवा। रीवा के कॉलेज में साथ पढ़ते हुए शुरू हुई दोस्ती अब जीवनभर के रिश्ते में बदल गई। मध्य प्रदेश प्रशासनिक सेवा के दो युवा अधिकारी सोमेश द्विवेदी और अर्चना मिश्रा विगत 25 नवंबर को विवाह बंधन में बंध गए। सतना जिले के नागौद एसडीएम सोमेश और शहडोल जिले के ब्यौहारी एसडीएम अर्चना ने सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की। शादी की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद विंध्य क्षेत्र सहित प्रदेशभर में इस जोड़ी की चर्चा हो रही है।

दोनों की कहानी केवल विवाह तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने, कठिन परिस्थितियों में लक्ष्य हासिल करने और साथ-साथ सपने देखने की प्रेरक दास्तान भी है।

मॉडल साइंस कॉलेज में हुई थी पहली मुलाकात

सोमेश द्विवेदी और अर्चना मिश्रा की मुलाकात रीवा के मॉडल साइंस कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों के मन में प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना था। पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बीच उनकी दोस्ती मजबूत होती गई और समय के साथ यह रिश्ता जीवनसाथी बनने तक पहुंच गया।

आज दोनों प्रदेश के अलग-अलग जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। सोमेश सतना जिले के नागौद में एसडीएम हैं, जबकि अर्चना शहडोल जिले के ब्यौहारी अनुभाग की कमान संभाल रही हैं। दोनों का गृह क्षेत्र मऊगंज जिला है।

मऊगंज के बरांव गांव से SDM बनने तक का सफर

सोमेश द्विवेदी मूल रूप से मऊगंज जिले के बरांव गांव के निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के निजी स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने गौरी विद्यालय से हायर सेकेंडरी की पढ़ाई की और उच्च शिक्षा के लिए रीवा पहुंचे। यहां मॉडल साइंस कॉलेज से बीएससी करने के बाद प्रशासनिक सेवा की तैयारी के लिए इंदौर का रुख किया।

पहले प्रयास में चुनौतियों और इंतजार के बावजूद उन्होंने तैयारी जारी रखी। दूसरे प्रयास में बेहतर रैंक हासिल कर राज्य प्रशासनिक सेवा में चयनित हुए और डिप्टी कलेक्टर बने। सेवा के दौरान अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाने के बाद अगस्त 2026 के प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें उचेहरा से नागौद एसडीएम पद पर स्थानांतरित किया गया।

अतिथि शिक्षक पिता की मेहनत ने गढ़ी सफलता

सोमेश की सफलता के पीछे परिवार का लंबा संघर्ष भी रहा है। उनके पिता 2010 से अतिथि शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं और वर्तमान में माध्यमिक विद्यालय भैंसदेही में पदस्थ हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच उन्होंने अपने तीनों बेटों की शिक्षा और भविष्य को प्राथमिकता दी। मां ने भी परिवार की जिम्मेदारियां संभालते हुए हर मुश्किल दौर में बच्चों का साथ दिया।

परिवार के तीनों बेटों ने मेहनत के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई है। सोमेश के दोनों बड़े भाई भारतीय वायुसेना में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि सबसे छोटे सोमेश प्रशासनिक अधिकारी बनकर सरकारी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पन्ना के जंगल में मिला बाघिन का शव, गले में कसा था क्लच वायर का फंदा; वन विभाग में हड़कंप

विनम्रता, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण

सोमेश के शिक्षकों के मुताबिक, तीनों भाई पढ़ाई में गंभीर, अनुशासित और व्यवहार में विनम्र रहे। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। परिवार का सहयोग, निरंतर मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति उनकी सफलता की आधारशिला बने।

सोमेश और अर्चना की यह कहानी एक ओर कॉलेज के दिनों से शुरू हुए रिश्ते के विवाह तक पहुंचने की खूबसूरत मिसाल है, तो दूसरी ओर यह संदेश भी देती है कि छोटे गांवों से निकलकर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। अब दोनों अधिकारी अपने प्रशासनिक दायित्वों के साथ जीवन की नई पारी भी एक साथ शुरू कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।