तीन महीने खेती, नौ महीने ताश-शराब… बयान पर घिरे भाजपा सांसद ने दी सफाई, बोले- मेरी बात का गलत मतलब निकाला
रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों पर अपनी विवादित टिप्पणी पर सफाई दी है, कहा कि उनके बयान ...और पढ़ें

रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा।
HighLights
सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों पर टिप्पणी पर दी सफाई।
कहा, बयान का गलत अर्थ निकाला, आत्मनिर्भरता की बात थी।
दावा किया, 95% घरों में कोई न कोई नशे का आदी।
डिजिटल डेस्क, रीवा। किसानों को लेकर विवादित टिप्पणी करने के बाद चौतरफा घिरे रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने बुधवार को सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया है। वह किसानों का अपमान नहीं कर रहे थे, बल्कि दुग्ध उत्पादन और गोपालन को बढ़ावा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की बात कह रहे थे। हालांकि, विवाद के बीच उनका एक और बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि 95 प्रतिशत घरों में कोई न कोई व्यक्ति नशा करता है।
दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन 'नईदुनिया' के प्रतिनिधि से चर्चा में सांसद ने कहा कि उनकी मंशा किसानों को अपमानित करने की नहीं थी। उन्होंने अपनी बात को दुग्ध उत्पादन और गोपालन से जोड़ते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना था। इससे पहले उनके बयान का वीडियो प्रसारित होने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने सांसद के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की थी।
अब 95 प्रतिशत घरों में नशे का दावा कर चर्चा में आए सांसद
विवाद के बीच जनार्दन मिश्रा का एक और बयान सामने आया है। इसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि प्रदेश के 95 प्रतिशत घरों में कोई न कोई व्यक्ति नशा करता है। कहीं पिता नशा करता है तो कहीं बेटा। उन्होंने यह भी दावा किया कि अब कुछ घरों में लड़कियां भी नशे की आदत का शिकार हो रही हैं। सांसद के मुताबिक, यह बात सुनने में भले ही खराब लगे, लेकिन यही सच्चाई है।
गोवर्धन पूजा के मंच से किसानों पर की थी टिप्पणी
दरअसल, सोमवार को मऊगंज के ग्राम रकरी स्थित कमल गोशाला में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान सांसद ने किसानों को लेकर टिप्पणी की थी। मंच से उन्होंने कहा था कि किसान तीन महीने खेती में मेहनत करते हैं, जबकि बाकी नौ महीने ताश खेलते हैं, गुटखा खाते हैं और शराब पीते हैं।
इसी कार्यक्रम में उन्होंने 95 प्रतिशत घरों में किसी न किसी के नशा करने की बात भी कही थी। किसानों से जुड़ी टिप्पणी का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और किसान संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें- 'किसान 3 महीने मेहनत करते हैं, 9 महीने ताश खेलते हैं'; रीवा के BJP सांसद के विवादित बोल
भाजपा विधायक ने किसानों से मांगी माफी
मामले में त्योंथर से भाजपा विधायक सिद्धार्थ तिवारी ने भी सांसद के बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने किसानों से माफी मांगते हुए कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस मामले का संज्ञान लेगा और उचित कार्रवाई करेगा। सांसद की सफाई के बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।