विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'किसान 3 महीने मेहनत करते हैं, 9 महीने ताश खेलते हैं'; रीवा के BJP सांसद के विवादित बोल

Published: Tue, 10 Nov 2026 02:51 PM (IST)

रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों की जीवनशैली पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिससे पूरे प्रदेश में भारी ...और पढ़ें

रीवा के BJP सांसद के विवादित बोल।

रीवा के BJP सांसद के विवादित बोल।

HighLights

  1. भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों पर विवादित टिप्पणी की।

  2. उन्होंने कहा किसान 3 महीने काम करते, 9 महीने ताश खेलते।

  3. किसानों और विपक्ष ने माफी की मांग की, आंदोलन की चेतावनी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने विवादित बयान के चलते सुर्खियों में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे देश के अन्नदाता यानी किसानों की जीवनशैली पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। 

इस बयान के सामने आते ही विंध्य क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के किसानों में भारी गुस्सा फूट पड़ा है। आइए जानते हैं कि आखिर भाजपा सांसद ने ऐसा क्या कहा?

वीडियो में क्या कह रहे हैं सांसद?

बता दें कि वायरल वीडियो में सफेद कुर्ता, बेज रंग की जैकेट और चश्मा पहने सांसद जनार्दन मिश्रा भाषण देते दिख रहे हैं। इस दौरान वे कहते सुनाई दे रहे हैं कि किसान सिर्फ 3 महीने ही मेहनत करता है और बाकी के 9 महीने ताश खेलता है, गुटखा खाता है, बोतल से पीता है, चोंगी पीता है और जय भोले करता है। सांसद का यह बयान जबलपुर और रीवा समेत पूरे विंध्य इलाके में आग की तरह फैल गया है।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया के कमेंट सेक्शन में लोगों और किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों का कहना है कि खेती कोई 3 महीने का काम नहीं है। बीज बोने से लेकर फसल की सिंचाई, खाद-कीटनाशक डालना, फसल काटना, उसे मंडी में बेचना और कर्ज चुकाना।

इन सब कामों में किसान साल के 365 दिन और 24 घंटे परेशान रहता है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने तो सांसद को चुनौती तक दे डाली कि वे सिर्फ एक दिन धूप में खड़े होकर खेत में काम करके दिखाएं।

विपक्ष और किसान संगठनों का हमला

भाजपा सांसद के तरफ से यह बयान सामने आने के बाद कांग्रेस और विभिन्न किसान संगठनों ने इसे सीधे तौर पर अन्नदाताओं का अपमान बताया है। उनका कहना है कि यह बयान भाजपा की किसान विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।

किसान संगठनों ने सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर माफी नहीं मांगी गई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। दूसरी ओर इस मामले पर न तो सांसद जनार्दन मिश्रा और न ही पार्टी संगठन की तरफ से कोई आधिकारिक सफाई या बयान सामने आया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।