MP के जंगलों में क्लच वायर बन रहा बाघों का 'डेथ ट्रैप', पन्ना में बाघिन की मौत से फिर सामने आया खतरा
मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में एक बाघिन की क्लच वायर के फंदे में फंसकर मौत हो गई, जिससे वन्यजीवों के लिए इस जानलेवा खतरे पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं। यह पहली घटना नहीं है, पहले भी ऐसे फंदों से बाघों और अन्य वन्यप्राणियों की जान जा चुकी है, जो सस्ते और मजबूत होने के कारण शिकारियों द्वारा इस्तेमाल किए जाते हैं।

पन्ना के जंगल में मृत मिली बाघिन। (फाइल फोटो)
HighLights
पन्ना में एक बाघिन की मौत क्लच वायर के फंदे में फंसने से हुई।
क्लच वायर के फंदे वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।
यह खतरा पहले भी कई वन्यप्राणियों की जान ले चुका है।
डिजिटल डेस्क, उमरिया। मध्य प्रदेश के जंगलों में बाघों के सामने अब शिकारियों की बंदूक ही नहीं, वाहनों में इस्तेमाल होने वाला क्लच वायर भी जानलेवा खतरा बन गया है। सस्ते और मजबूत स्टील के तार से तैयार किए जाने वाले फंदे वन्यजीवों के लिए मौत का जाल साबित हो रहे हैं। पन्ना टाइगर रिजर्व से लगे उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज के मनकी बीट में एक वयस्क बाघिन की मौत ने इस खतरे को फिर उजागर कर दिया है।
दो दिन पहले मृत मिली बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा फंसा हुआ था। आशंका है कि फंदा कसने से उसका दम घुट गया। गले पर मिले गहरे घाव इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि बाघिन कई दिनों तक फंदे में फंसी रही और घायल अवस्था में जंगल में भटकती रही। आखिरकार उसकी जान चली गई। इस घटना ने वन क्षेत्रों में शिकारियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे खतरनाक तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

छोटा भीम से बाघिन तक, क्लच वायर ने ली जान
मध्य प्रदेश में क्लच वायर के फंदे से वन्यजीवों की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ऐसे फंदों ने बाघों और अन्य वन्यप्राणियों की जान ली है।
- छोटा भीम की मौत: क्लच वायर के फंदे में फंसने से घायल हुए बाघ छोटा भीम का करीब तीन महीने तक उपचार चला, लेकिन 2 फरवरी 2025 को भोपाल के वन विहार में उसकी मौत हो गई।
- चीतल का शिकार: अप्रैल 2025 में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली वन परिक्षेत्र में शिकारियों ने क्लच वायर का फंदा लगाकर चीतल का शिकार किया था। वन विभाग ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
- कान्हा में बाघिन का रेस्क्यू: फरवरी 2023 में कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर जोन की भैसानघाट बीट में एक युवा बाघिन क्लच वायर के फंदे में फंस गई थी। उसे बचाने के लिए तीन हाथियों और करीब 50 वनकर्मियों की टीम लगाई गई थी। समय रहते रेस्क्यू कर उसका उपचार किया गया।
इसके फंदे के खांचे से बचना मुश्किल
आटोमोबाइल दुकानों पर क्लच वायर सस्ता और आसानी से मिल जाता है। स्टील के पतले तारों से गुंथा होने के कारण यह बहुत मजबूत होता है। वन्य जीव खुद को छुड़ाने के लिए जितना छटपटाता है, फंदा उतना ही कसता जाता है और गहरा घाव कर देता है।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में चीते की खाल मिलने से कूनो पर उठे सवाल, क्या MP से हुई तस्करी? वन विभाग ने किया इन्कार
फंदा तैयार करने वाले वायर को मोड़कर उसमें इस तरह खांचे तैयार कर लेते हैं कि कसाव की दिशा में तो गठान सरकती है, पर ढीलाई की तरफ लौटती नहीं है। इससे कसाव लगातार बढ़ता जाता है। उसके उपयोग की वन कर्मियों को तुरंत भनक भी नहीं लग पाती।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।