विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाघ-तेंदुए की खाल के बाद अब चीते की संदिग्ध खाल बरामद, महाराष्ट्र में वन्यजीव तस्करी का बड़ा नेटवर्क उजागर; दो महिला तस्कर गिरफ्तार

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:42 PM (IST)

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में दो महिला तस्करों के पास से चीते की संदिग्ध खाल बरामद हुई है, जिससे कूनो नेशनल पार्क में चीतों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ताओं ने खाल के स्रोत और कूनो से उसके संबंध की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

तस्करों से बरामद वन्यजीवों की खालें।

तस्करों से बरामद वन्यजीवों की खालें।

HighLights

  1. नवी मुंबई में संदिग्ध चीते की खाल बरामद हुई।

  2. डीआरआई ने दो महिला तस्करों को हिरासत में लिया।

  3. कूनो में चीतों की सुरक्षा पर गंभीर चिंताएं बढ़ीं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में बसाए गए चीतों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में दो महिला तस्करों के पास से चीते की संदिग्ध खाल बरामद हुई है। डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की टीम दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खाल कहां से लाई गई थी और इसका कूनो से कोई संबंध है या नहीं। हालांकि, वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ताओं ने कूनो क्षेत्र में चीते के शिकार की आशंका जताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

दरअसल, कूनो नेशनल पार्क में अफ्रीका से लाए गए चीतों को बसाने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे में महाराष्ट्र में चीते की खाल मिलने से वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है। गौरतलब है कि पिछले दिनों कूनो क्षेत्र में भी एक चीते के शिकार का मामला सामने आया था। हालांकि, उस मामले में चीते का शव मिलने की जानकारी सामने आई थी।

दो ऑपरेशन में छह तस्कर गिरफ्तार, फिर खुला महिलाओं का कनेक्शन

DRI ने 'ऑपरेशन वेनम शील्ड' और 'ऑपरेशन फेलाइन विजिल' के तहत महाराष्ट्र के पश्चिमी घाट क्षेत्र में सक्रिय वन्यजीव तस्करी के दो अलग-अलग गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस दौरान छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से किंग कोबरा का जहर, बाघ और तेंदुए की खाल के साथ शिकार में इस्तेमाल होने वाले हथियार बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर 26 नवंबर को नवी मुंबई के एक रिहायशी परिसर में तलाशी ली गई। यहां दो महिलाओं के पास से चीते की संदिग्ध खाल मिली। इसके बाद DRI ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच एजेंसियां अब खाल के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।

बड़ा सवाल- कूनो से खाल का कनेक्शन है या नहीं 

चीते की खाल बरामद होने के बाद वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ताओं ने कूनो परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उनका मानना है कि खाल कहां से आई, इसकी वैज्ञानिक जांच जरूरी है। यदि इसका संबंध कूनो या मध्य प्रदेश के किसी अन्य वन क्षेत्र से निकलता है, तो यह वन्यजीव सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला होगा।

वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता अजय दुबे ने DRI और महाराष्ट्र के मुख्य वन्यजीव वार्डन (CWLW) से खाल की फोरेंसिक जांच कराकर उसकी प्रजाति और स्रोत स्पष्ट करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- कूनो में चीतों की आबादी 80 पार पहुंचाने की तैयारी, अब हर चीते नहीं पूरी पीढ़ी पर रहेगा फोकस

NTCA और केंद्रीय मंत्रालय से उच्चस्तरीय जांच की मांग

अजय दुबे ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) से भी मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रोजेक्ट चीता के तहत चीतों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी सार्वजनिक करने की बात कही है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि नवी मुंबई में मिली संदिग्ध खाल वास्तव में चीते की है या नहीं और यदि है, तो उसका स्रोत क्या है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।