विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कूनो में चीतों की आबादी 80 पार पहुंचाने की तैयारी, अब हर चीते नहीं पूरी पीढ़ी पर रहेगा फोकस

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:34 PM (GMT+05:30)

कूनो अभयारण्य में 10 मादा चीतों से 30 नए शावकों की उम्मीद है। हालांकि चीतों की बढ़ती संख्या के साथ उन्हें अनुकूल आवास और शिकार की उपलब्धता चुनौती रहेगी। 

कूनो नेशनल पार्क में शावकों के साथ मादा चीता। (फाइल फोटो)

कूनो नेशनल पार्क में शावकों के साथ मादा चीता। (फाइल फोटो) 

HighLights

  1. चीता संरक्षण का अभियान अब आबादी प्रबंधन पर केंद्रित।

  2. 2027 तक भारत में चीतों की संख्या 80 पार करने का लक्ष्य।

  3. कूनो में 10 मादा चीतों से 30 नए शावकों की उम्मीद।

डिजिटल डेस्क, श्योपुर। जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में चीतों के संरक्षण का अभियान अब महत्वपूर्ण दौर में पहुंच गया है। अफ्रीका से लाकर बसाए गए चीतों के संरक्षण के बाद अब मध्य प्रदेश वन विभाग की रणनीति का केंद्र उनकी बढ़ती आबादी का प्रबंधन है।

दरअसल, वर्ष 2027 के अंत तक भारत में चीतों की संख्या 80 पार पहुंचने का अनुमान है। इसके लिए प्राकृतिक प्रजनन को बढ़ावा देने के साथ अब उनके अनुकूल रहवास, भोजन और सुरक्षित वातावरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अब प्रत्येक चीते की व्यक्तिगत देखरेख की जगह पूरी आबादी पर फोकस किया जाएगा।

देश में 62 चीते, 44 का जन्म भारत में

देश में चीतों की कुल संख्या 62 हो चुकी है। कूनो में 56, गांधी सागर अभयारण्य में चार और वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीते मौजूद हैं। 62 में से 44 चीतों का जन्म भारतीय जमीन पर हुआ है। इससे साबित होता है कि देश में चीतों की नई पीढ़ी तैयार होने लगी है। ऐसे में, अब वन विभाग का जोर इन्हें प्राकृतिक रूप से पलने-बढ़ने देने पर है।

10 मादा चीतों से 30 शावकों की उम्मीद

कूनो में दो वर्ष या उससे अधिक उम्र की 12 मादा चीते हैं। इनमें पांच ने इसी वर्ष शावकों को जन्म दिया, जबकि सात अन्य के भी आगामी समय में मां बनने की पूरी उम्मीद है। वन अधिकारियों के अनुमान के अनुसार, करीब 10 मादा चीतों से लगभग 30 नए शावक मिलने की संभावना है। वर्ष 2028-29 तक प्रजनन योग्य मादाओं की संख्या करीब 30 पहुंचने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- कूनो में चीता पुनर्वास का बड़ा प्रयोग: खुले जंगल में हिंसक जानवरों के बीच जीना सीखेंगे KOMG-3 के नवजात शावक

यह है रणनीति

कूनो नेशनल पार्क के फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा का कहना है कि शुरुआती दौर में प्रत्येक चीते की निगरानी और जरूरत के अनुसार हस्तक्षेप पर जोर था, लेकिन अब सेटेलाइट कालर और मैदानी निगरानी से मिले आंकड़ों के आधार पर पूरी आबादी का प्रबंधन किया जाएगा। कूनो को प्राकृतिक प्रजनन, पर्याप्त शिकार, आवास क्षमता और आनुवंशिक विविधता के बीच संतुलन बनाना होगा। जरूरत पड़ने पर चीतों को अलग-अलग सुरक्षित स्थलों पर बसाने की रणनीति भी अहम होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।