कूनो में चीता पुनर्वास का बड़ा प्रयोग: खुले जंगल में हिंसक जानवरों के बीच जीना सीखेंगे KOMG-3 के नवजात शावक
कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता केओएमजी-3 के चार शावक खुले जंगल में हिंसक जानवरों के बीच जीवित रहना सीखेंगे। यह प्रयोग भारतीय जंगलों में चीतों की आत्मनिर्भर आबादी तैयार करने के लिए किया जा रहा है।

कूनो में जन्मे शावक।
HighLights
मादा चीता केओएमजी-3 के चार शावक खुले जंगल में जन्मे।
शावक हिंसक जानवरों के बीच प्राकृतिक रूप से बड़े होंगे।
यह प्रयोग आत्मनिर्भर चीता आबादी बनाने का लक्ष्य रखता है।
दीपक दंडौतिया, श्योपुर। जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में 20 नवंबर को जन्म लेने वाले मादा चीता केओएमजी-3 के चारों शावकों को हिंसक जानवरों के बीच जीवित रहना सीखना होगा। यह प्रकृति का नियम है और उनके सामने जिंदगी की पहली व सबसे कठिन चुनौती है।
शावकों को बाड़े में सुरक्षित ढंगे से बड़ा करने के बजाय प्राकृतिक परिस्थितियों में विकसित होने देने की रणनीति अपनाई गई है। यदि ये शावक शुरुआती पांच-छह महीने की चुनौतियां पार कर लेते हैं तो कूनो में स्वतंत्र रूप से जीवित रहने वाली चीतों की पीढ़ी तैयार करने की दिशा में यह उपलब्धि होगी।
मां भी प्राकृतिक माहौल में ढलकर बनी उम्मीद
इन्हें जन्म देने वाली मादा चीता बोत्सवाना से लाई गई है। वह चार महीने से खुले जंगल में रह रही थी। इस दौरान उसका भारतीय परिस्थितियों में ढलना और फिर प्राकृतिक परिवेश में प्रजनन करना प्रोजेक्ट चीता के लिए उपलब्धि है। प्रसव के कुछ समय बाद मां को शिकार की तलाश में बाहर जाना पड़ता है।
कूनो में तेंदुओं की भरमार
कूनो में तेंदुओं की संख्या अच्छी खासी है। वे शावकों के लिए खतरा बन सकते हैं। वन विभाग की टीमें निश्चित दूरी बनाकर मां और शावकों पर नजर रख रही हैं, ताकि निगरानी के कारण मादा चीता के व्यवहार में बदलाव न आए और वह शावकों को लेकर असुरक्षित महसूस न करे। प्राकृतिक शिकारी जीवों से शावकों को पूरी तरह अलग रखना इस प्रयोग का उद्देश्य नहीं है।
यह है मकसद
दरअसल, प्रोजेक्ट चीता का दीर्घकालिक उद्देश्य केवल चीतों का प्रजनन कराना नहीं, बल्कि ऐसी आबादी तैयार करना है जो भारतीय जंगलों में स्वतंत्र रूप से रह सके, शिकार कर सके और अपनी अगली पीढ़ी को भी प्राकृतिक परिस्थितियों में बड़ा कर सके।
यह भी पढ़ें- कूनो से फिर आई खुशखबरी... बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता ने दिया चार शावकों को जन्म; देश में अब 62 चीते
तेंदुए के हमले में गई थी चार शावकों की जान
कूनो में खुले जंगल में शावकों के जन्म का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 11 अप्रैल को भारत में जन्मी मादा चीता केजीपी-12 ने चार शावकों को जन्म दिया था। करीब एक महीने बाद चारों शावक मृत मिले थे। उन पर तेंदुए के हमले की आशंका जताई गई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।