कूनो से फिर आई खुशखबरी... बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता ने दिया चार शावकों को जन्म; देश में अब 62 चीते
कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता केएमओजी-3 ने चार शावकों को जन्म दिया है, जिससे भारत में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है। यह चीता पुनर्वास परियोजना की बड़ी सफलता है, जिसमें 43 चीते भारत में ही जन्मे हैं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे वन्य जीव संरक्षण में मील का पत्थर बताया।

मादा चीता व नवजात शावक। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
कूनो में बोत्सवाना की मादा चीता ने चार शावक जन्मे।
भारत में अब कुल 62 चीते, जिनमें 43 देश में जन्मे।
नए शावकों के जन्म के साथ कूनों चीतों की संख्या 56 तक पहुंची।
डिजिटल डेस्क. श्योपुर। चीता पुनर्वास परियोजना में एक बार फिर अच्छी खबर मिली है। बोत्सवाना से भारत लाई गई ढाई वर्ष की मादा चीता केएमओजी-3 ने चार शावकों को जन्म दिया है। कूनो नेशनल पार्क के खुले जंगल में प्राकृतिक परिस्थितियों में इन शावकों का जन्म हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'एक्स' पर पोस्ट करके शुक्रवार को यह जानकारी दी। इसी के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है। इनमें 43 चीते ऐसे हैं, जिनका जन्म भारत की धरती पर हुआ है। 56 चीते कूनो में, चार चीते गांधीसागर अभयारण्य में विचरण कर रहे है और दो चीते नौरादेही अभयारण्य में हैं।
शावकों को जन्म देने वाली मादा चीता पिछले चार दिनों से एनएच-552 पर गोरस-श्यामपुर के बीच सिरोनी वन रेंज के जंगल में है। उसने शिकार भी किया है। चीता ट्रैकिंग टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
यह भी पढ़ें- कूनो के चीते जहां जाएंगे, वहां पहुंचेगी सुरक्षा टीम; वन विभाग के साथ पुलिस भी संभालेगी मोर्चा
डॉ. मोहन यादव ने 'एक्स' पर लिखा कि चार वर्ष पूर्व शुरू हुआ चीता पुनर्वास कार्यक्रम उल्लेखनीय उदाहरण बना है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत में वन्य जीव संरक्षण के संकल्प की बड़ी सफलता है। मध्य प्रदेश के लिए यह विशेष गर्व का विषय है।