विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पन्ना में 50000 रुपये रिश्वत लेते उद्यान विभाग के सहायक संचालक पत्नी समेत गिरफ्तार, सब्सिडी के बदले मांगे थे 2 लाख

Published: Mon, 23 Nov 2026 09:29 PM (IST)

पन्ना में लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी रवि खरे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) की सब्सिडी के बदले 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में की गई।

लोकायुक्त सागर की टीम ने की ट्रैप कार्रवाई।

लोकायुक्त सागर की टीम ने की ट्रैप कार्रवाई।

HighLights

  1. उद्यान विभाग सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव रंगेहाथ गिरफ्तार।

  2. उनकी पत्नी रवि खरे को भी सह आरोपी बनाते हुए पकड़ा गया।

  3. PMFME सब्सिडी के बदले 2 लाख रुपये की मांग की थी।

डिजिटल डेस्क, पन्ना। लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने सोमवार को पन्ना में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के सहायक संचालक प्रदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी रवि खरे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। कार्रवाई आरोपी के शासकीय आवास एफ-3, पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने जिला पन्ना में की गई।

फरियादी दंपती ने लिया था कर्ज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक भागवत साहू पिता दयाशंकर साहू, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम मनकी तहसील पवई जिला पन्ना ने वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत ऑयल मिल स्थापित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पन्ना से 5 लाख 94 हजार रुपये का ऋण लिया था। वहीं उनकी पत्नी श्रीमती गेंदा बाई साहू ने आटा एवं ऑयल मिल के लिए भारतीय स्टेट बैंक शाखा पवई से 6 लाख 30 हजार रुपये का ऋण लिया था।

सब्सिडी के बदले मांगे थे 2 लाख रुपये

योजना के तहत भागवत साहू को 2 लाख 31 हजार 280 रुपये तथा उनकी पत्नी को 2 लाख 20 हजार 500 रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई थी। आरोप है कि सहायक संचालक उद्यान प्रदीप श्रीवास्तव ने प्राप्त सब्सिडी में से दो लाख रुपये रिश्वत के रूप में मांगे थे। साथ ही रिश्वत नहीं देने पर सब्सिडी की राशि बैंक में वापस किए जाने संबंधी पत्र पर कार्रवाई नहीं करने तथा बैंक को इस संबंध में पत्र जारी करने के एवज में भी रिश्वत की मांग की जा रही थी।

यह भी पढ़ें- पन्ना की पंचायत में करोड़ों के फर्जी भुगतान का आरोप, एक जैसी लिखावट वाले सैकड़ों बिलों पर हाई कोर्ट सख्त

शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल

इससे परेशान होकर आवेदक भागवत साहू ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का विधिवत सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम ने 23 नवंबर को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप श्रीवास्तव एवं उनकी पत्नी श्रीमती रवि खरे को उनके शासकीय आवास पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इस सफल ट्रैप कार्रवाई में ट्रैपकर्ता अधिकारी निरीक्षक रोशनी जैन एवं लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम शामिल रही। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।