पन्ना की पंचायत में करोड़ों के फर्जी भुगतान का आरोप, एक जैसी लिखावट वाले सैकड़ों बिलों पर हाई कोर्ट सख्त
पन्ना जिले की शाहनगर ग्राम पंचायत में करोड़ों के कथित फर्जी भुगतान का मामला अब हाई कोर्ट पहुंच गया है। हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर शिकायत पर हुई जांच की स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

मप्र हाई कोर्ट भवन। (फाइल फोटो)
HighLights
पन्ना पंचायत में करोड़ों के फर्जी भुगतान का मामला हाई कोर्ट पहुंचा।
सैकड़ों बिलों की लिखावट एक जैसी होने पर उठे गंभीर सवाल।
हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से स्टेटस रिपोर्ट पेश करने को कहा।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। पन्ना जिले की शाहनगर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी खजाने से करोड़ों रुपये के कथित फर्जी भुगतान का मामला अब हाई कोर्ट पहुंच गया है। याचिका में चौंकाने वाला आरोप लगाया गया है कि अलग-अलग फर्मों के नाम से पेश किए गए सैकड़ों बिल एक ही व्यक्ति की लिखावट में तैयार किए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर शिकायत पर हुई जांच की स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे और न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए शासन से जांच में सामने आए तथ्यों का विस्तृत ब्योरा मांगा है। अदालत में अब इस मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी।
सरपंच व पंचायत सचिव की भूमिका पर सवाल
यह जनहित याचिका शाहनगर के पूर्व सरपंच राधेश्याम बृजपुरिया और किसान प्रताप सिंह तोमर की ओर से दायर की गई है। याचिका में वर्तमान सरपंच मनोज कुमार जैन और पंचायत सचिव कुलभूषण चतुर्वेदी की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।
याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि भुगतान के लिए प्रस्तुत बिलों में कुछ ऐसी फर्मों के नाम शामिल हैं, जिनका पंचायत के जिम्मेदार पदाधिकारियों के परिवार से संबंध बताया जा रहा है। इनमें आलोक ट्रेडर्स को सरपंच के भाई और कन्नौर ट्रेडर्स को पंचायत सचिव के साले से जुड़ा बताया गया है।
यह भी पढ़ें- 'अब नर्सरी की कक्षा लगवाएं क्या...', कान्हा में बाघों की मौत पर हाई कोर्ट सख्त; सरकारी रिपोर्ट देखकर पूछा तीखा सवाल
सैकड़ों बिलों की लिखावट एक जैसी
याचिका का प्रमुख आधार अलग-अलग फर्मों के नाम से लगाए गए बिलों की लिखावट में समानता है। याचिकाकर्ताओं ने मांग की है कि इन बिलों की लिखावट का मिलान पंचायत सचिव की हैंडराइटिंग से कराया जाए, ताकि कथित गड़बड़ी की वास्तविकता सामने आ सके।
हाई कोर्ट ने राज्य सरकार से शिकायत पर अब तक की गई जांच और उसमें सामने आए तथ्यों की रिपोर्ट मांगी है। अब अगली सुनवाई में शासन की रिपोर्ट पर सबकी निगाहें रहेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।