विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता के उकसाने पर बेटे ने अधेड़ पर तीन बार चढ़ाया ट्रैक्टर, नरसिंहपुर में सरेराह कुचलकर हत्या; दोनों फरार

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:32 PM (IST)

नरसिंहपुर के मुराच गांव में पुरानी जमीन विवाद के चलते एक व्यक्ति को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला गया। आरोप है कि पिता के उकसाने पर बेटे ने लक्ष्मण पटेल को तीन बार ट्रैक्टर से रौंदा; आरोपी पिता-पुत्र फरार हैं।

अस्पताल परिसर में मौजूद मृतक के स्वजन एवं ठेमी पुलिस।

अस्पताल परिसर में मौजूद मृतक के स्वजन एवं ठेमी पुलिस।

HighLights

  1. नरसिंहपुर में पुरानी रंजिश के चलते व्यक्ति को कुचला गया।

  2. पिता के उकसाने पर बेटे ने ट्रैक्टर से रौंदकर हत्या की।

  3. जमीन विवाद को लेकर हुई वारदात, आरोपी पिता-पुत्र फरार।

डिजिटल डेस्क, नरसिंहपुर। जिले के ठेमी थाना क्षेत्र के ग्राम मुराच में पुरानी रंजिश ने मंगलवार शाम खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पिता के उकसाने पर बेटे ने 48 वर्षीय लक्ष्मण पटेल को ट्रैक्टर से कुचल दिया। आरोपी ने एक बार टक्कर मारने के बाद दोबारा और तीसरी बार भी ट्रैक्टर चढ़ाया, जिससे लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पिता-पुत्र दोनों फरार हैं। घटना से गांव में दहशत फैल गई।

पंचर दुकान से निकले, रास्ते में ट्रैक्टर से कुचला

जानकारी के मुताबिक, ग्राम मुराच निवासी लक्ष्मण पोहप सिंह पटेल बस स्टैंड के पास रानी अवंतीबाई चौराहे पर अपनी पंचर की दुकान चलाते थे। मंगलवार शाम वह दुकान पर पहुंचे और पास की दुकान से गुटखा लेने जा रहे थे। इसी दौरान गांव का राजेंद्र पटेल ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचा और लक्ष्मण को टक्कर मार दी।

आरोप है कि मौके पर मौजूद राजेंद्र के पिता मन्नूलाल लोधी ने बेटे को लक्ष्मण पर फिर ट्रैक्टर चढ़ाने के लिए उकसाया। इसके बाद राजेंद्र ने लक्ष्मण को तीन बार ट्रैक्टर से कुचल दिया। शरीर और सिर में गंभीर चोटें आने से उनकी मौत हो गई।

जमीन को लेकर पुरानी रंजिश

मृतक के बड़े भाई मूरत पटेल ने आरोपित परिवार पर पुरानी दुश्मनी रखने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपित परिवार पहले भी उनकी जमीन हड़प चुका था और अब अतिरिक्त जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। इसी रंजिश के चलते लक्ष्मण की हत्या की गई।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के तुरंत बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस लक्ष्मण को शासकीय जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात में ठेमी थाना प्रभारी प्रकाश पाठक अस्पताल पहुंचे और परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली। बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

यह भी पढ़ें- बालाघाट में सड़क हादसे के बाद पुलिस पर हमला, 20 से ज्यादा लोगों ने की मारपीट; 3 जवान घायल

पिता-पुत्र की तलाश में पुलिस

पुलिस ने आरोपित राजेंद्र लोधी और उसके पिता मन्नूलाल लोधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी प्रकाश पाठक के अनुसार, दोनों आरोपित वारदात के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।