नरसिंहपुर में 3 वर्षीय मासूम की मौत पर हंगामा, निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप; 6 दिन बाद कब्र से निकाला शव
नरसिंहपुर में 3 वर्षीय बच्ची की मौत के बाद चिकित्सा लापरवाही का आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत पर प्रशासन ...और पढ़ें

पुलिस की मौजूदगी में कब्र से बालिका का शव निकाला गया (इनसेट- मृतक बालिका)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। नरसिंहपुर जिले में एक 3 वर्षीय मासूम की मौत के बाद चिकित्सा लापरवाही के गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बच्ची के शव को दफनाने के छह दिन बाद कब्र से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। इस पूरे घटनाक्रम ने स्वास्थ्य सेवाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृत बच्ची के पिता नीलेश मिश्रा (निवासी डेडवारा, नरसिंहपुर) ने निजी अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप पटेल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस और प्रशासन से जांच की मांग की है।
यह है घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को बच्ची को हल्का बुखार और सुस्ती की शिकायत पर परिजन शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने इसे सामान्य बीमारी बताते हुए इलाज शुरू किया, कुछ जांच कराईं और दवाइयां देकर भर्ती कर लिया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान बच्ची को कई इंजेक्शन लगाए गए और उसी दिन शाम को घर भेज दिया गया।
अगले दिन 6 अप्रैल को हालत में सुधार न होने पर बच्ची को फिर अस्पताल ले जाया गया। परिजनों के मुताबिक, बच्ची को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, लेकिन डॉक्टर ने रिपोर्ट सामान्य बताकर दोबारा घर भेज दिया।
रात में तबीयत और बिगड़ गई और 7 अप्रैल को बच्ची अचेत हो गई। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
आईसीयू में जंग हारी जिंदगी
जबलपुर मेडिकल कॉलेज में बच्ची को आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद 9 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने झिरना मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार कर दिया था।
शिकायत के बाद खुली कब्र, हुआ पोस्टमार्टम
मामले में संदेह जताते हुए परिजनों ने सीएमएचओ, कलेक्टर और पुलिस से शिकायत की। इसके बाद एसडीएम कोर्ट की अनुमति मिलने पर बुधवार को पुलिस और तहसीलदार की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 'स्क्रैप माफिया' का भंडाफोड़ : चोरी के वाहनों को काटकर बेचने वाला गिरोह पकड़ा, भारी कबाड़ जब्त
जांच जारी, रिपोर्ट का इंतजार
कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर निजी अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
