विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बालाघाट के खेत में दबा था नागपुर की लूट का खजाना, खेत में भूसे के नीचे मिलीं नोटों से भरी 3 बोरियां

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:59 PM (GMT+05:30)

नागपुर में हुई करोड़ों की लूट के तार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से जुड़ गए हैं। नागपुर क्राइम ब्रांच ने वारासिवनी के डोरली गांव में एक खेत से भूसे के नीचे छिपाई गई 4 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है।

खेत में बरामद हुईं नोटों की गड्डियां।

खेत में बरामद हुईं नोटों की गड्डियां।

HighLights

  1. नागपुर लूट के करोड़ों रुपये बालाघाट के खेत में मिले।

  2. डोरली गांव में भूसे के ढेर के नीचे छिपाई गई थी नकदी।

  3. शुरुआती आकलन में 4 करोड़ रुपये से अधिक की रकम।

डिजिटल डेस्क, बालाघाट। महाराष्ट्र के नागपुर में पांच दिन पहले हुई करोड़ों रुपये की बड़ी लूट की वारदात के तार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से जुड़ गए हैं। नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार सुबह वारासिवनी तहसील के ग्राम डोरली में दबिश देकर खेत से नकदी से भरी तीन बोरियां बरामद की हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इनमें चार करोड़ रुपये से अधिक की रकम होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस नकदी की गिनती कर रही है।

परिचित के खेत में छिपाई थी रकम

जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ग्राम डोरली पहुंची। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपने एक परिचित के खेत को लूट की रकम छिपाने के लिए इस्तेमाल किया था। करीब चार दिन पहले वह तीन बोरियों में नकदी भरकर खेत में भूसे के ढेर के नीचे छिपा गया था।

आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मौके पर तलाशी ली और तीनों बोरियां बरामद कर लीं। शुरुआती आकलन में नकदी चार करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- सतना में मौत बनकर दौड़ी कार, बाइक सवार तीन युवकों को 100 मीटर घसीटा; जीजा-साले समेत तीनों की मौत

डोरली पंचायत में नोटों की गिनती 

बरामद नकदी को ग्राम पंचायत डोरली में रखकर उसकी गिनती की जा रही है। वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूरी कार्रवाई नागपुर पुलिस कर रही है और स्थानीय पुलिस टीम को आवश्यक सहयोग दे रही है।

लूट की रकम बालाघाट कैसे पहुंची, जांच में खुलेगी परतें

नागपुर में हुई लूट के बाद इतनी बड़ी रकम बालाघाट के एक गांव तक कैसे पहुंची, आरोपी ने परिचित के खेत को ही क्यों चुना और इस पूरी वारदात में कितने लोग शामिल हैं, पुलिस इन सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। बरामद रकम की आधिकारिक पुष्टि और मामले से जुड़े अन्य खुलासे विस्तृत जांच के बाद सामने आएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।