विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बैगा नौजवान व बच्चे शराब पी रहे, इसलिए हो रहे बीमार'; बालाघाट में भाजपा विधायक कर्राहे का बेतुका बयान

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:32 PM (IST)

बालाघाट के भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे ने बैगा आदिवासियों को लेकर विवादित बयान दिया है, जिसमें उन्होंने शराब पीने से बीमारी और झाड़फूंक पर निर्भरता का आरोप लगाया। उन्होंने बैगाओं को मिली 5 लीटर कच्ची शराब बनाने की अनुमति समाप्त करने की मांग की, जिस पर आदिवासी विकास परिषद ने समर्थन और कांग्रेस विधायक ने आपत्ति जताई है।

बालाघाट के करहू में कार्यक्रम को संबो​धित करते भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

बालाघाट के करहू में कार्यक्रम को संबो​धित करते भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. कर्राहे ने बैगा आदिवासियों में शराब सेवन से बीमारी बताई।

  2. कच्ची शराब बनाने का अधिकार समाप्त करने की मांग की।

  3. लाड़ली बहना योजना पर अपने पुराने बयान पर कायम।

डिजिटल डेस्क, बालाघाट। लाड़ली बहनों को अंडा, मुर्गा-मछली खाने की सलाह देने वाले बालाघाट के लांजी से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे ने अब बैगा आदिवासियों को लेकर विवादित बयान दिया है। बुधवार को मलाजखंड के करहू में भूमिपूजन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बैगा क्षेत्रों में नौजवान, छोटे बच्चे शराब पी रहे हैं। बैगाओं को पांच लीटर कच्ची शराब बनाने का अधिकार प्राप्त है। सरकार को इसे समाप्त कर देना चाहिए, क्योंकि इसी नशे के कारण बैहर क्षेत्र के बैगा आदिवासी बीमार हो रहे हैं और झाड़फूंक के चक्कर में पड़ते हैं।

शराब के बाद झाड़फूंक पर निर्भरता का लगाया आरोप

उन्होंने कहा कि बैगा कच्ची शराब बनाते हैं और दिनभर नशे में रहते हैं। रात में भी कच्ची शराब पीकर घर में दोपहर का बना हुआ खाना खा लेते हैं। वे पत्ते से खाना ढंककर रखते हैं, जिसे खुद भी खाते हैं और बच्चे को भी खिला देते हैं। रात में कितने मच्छर-कीड़े काट रहे हैं, इसका उन्हें कोई गम नहीं होता। विधायक ने कहा कि बीमारी के बाद झाड़फूंक के चक्कर में रहने से बच्चों को सही उपचार नहीं मिल पाया और कई बच्चों की जान चली गई।

आदिवासी विकास परिषद ने किया समर्थन, कांग्रेस विधायक की आपत्ति

मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद के जिलाध्यक्ष दिनेश धुर्वे ने कर्राहे के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को ये अधिकार समाप्त करना चाहिए। वहीं बैहर से कांग्रेस विधायक संजय उइके ने कहा कि बैगा अंचल में बच्चों की मौत को शराब से जोड़कर सरकार अपनी कमियां छिपाना चाहती है। बैगा समाज को ये अधिकार पारंपरिक प्रथाओं के कारण मिला है। कर्राहे का बयान उनकी मानसिकता को दर्शा रहा है।

यह भी पढ़ें- 'किसकी औकात है मुझे टिकट देने की, चुनाव लड़ना है या नहीं खुद तय करती हूं'; ग्वालियर में उमा भारती का बड़ा बयान

लाड़ली बहना के पैसों से अंडा-मछली खाने की सलाह पर कायम

लाड़ली बहना योजना के पैसों से महिलाओं को अंडा, मुर्गा-मछली खाने की सलाह देने वाले विधायक कर्राहे ने कहा कि उन्होंने हंसी-मजाक में बात कही थी, लेकिन वह अपने बयान पर कायम हैं। सार्वजनिक मंचों से यह बात कहते रहेंगे। उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा। कांग्रेस उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर राजनीतिक फायदा लेने की कोशिश कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।