विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैहर के सरकारी स्कूल में छात्राओं से कराई टॉयलेट की सफाई, वायरल वीडियो के बाद प्रिंसिपल सस्पेंड

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:56 PM (IST)

मैहर के घुनवारा सरकारी स्कूल में छात्राओं से शौचालय साफ करवाने का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में ...और पढ़ें

स्कूल में टॉयलेट साफ करती छात्राएं। (वीडियो ग्रैब)

स्कूल में टॉयलेट साफ करती छात्राएं। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. छात्राओं से शौचालय साफ करवाने का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ।

  2. प्रिंसिपल लीला बाई सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।

  3. कलेक्टर ने जांच के बाद की कार्रवाई, निलंबन आदेश जारी।

डिजिटल डेस्क, मैहर। प्रदेश के मैहर जिले में सरकारी स्कूल की छात्राओं से शौचालय साफ करवाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। घुनवारा स्थित सरकारी हायर सेकंडरी स्कूल में छात्राओं से महिला शौचालय की सफाई करवाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने जांच के आदेश दिए। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने पर स्कूल की प्रिंसिपल लीला बाई सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में एक छात्रा वाइपर से महिला शौचालय का फर्श साफ करती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी छात्रा ड्रम से पानी डाल रही है। कुछ अन्य छात्राएं भी वहां मौजूद नजर आ रही हैं। वीडियो बना रहे व्यक्ति ने मौके पर प्रिंसिपल से छात्राओं से सफाई करवाने को लेकर सवाल किया।

पहले किया इन्कार, फिर सफाई में कही यह बात

वीडियो में सवाल किए जाने पर प्रिंसिपल ने शुरुआत में छात्राओं से शौचालय साफ करवाने की बात से इन्कार किया। बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि छात्राएं केवल शौचालय में पानी डाल रही थीं। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कराई।

यह भी पढ़ें- जबलपुर रेलवे स्टेशन पर फूड स्टाल में भड़की आग, प्लेटफार्म पर मची अफरा-तफरी; पार्सल भी जले

शुरुआती जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद कार्रवाई

कलेक्टर के निर्देश पर घुनवारा स्कूल के क्लस्टर प्रिंसिपल और एक शिक्षक ने मामले की प्रारंभिक जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि लीला बाई सिंह ने छात्राओं से शौचालय की सफाई करवाई थी। इसके बाद मंगलवार शाम कलेक्टर ने उनके निलंबन का आदेश जारी किया।

आदेश में प्रिंसिपल के इस कृत्य को शासकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है। इसे मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 का उल्लंघन मानते हुए मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।