बड़ी बहन को प्रेमी संग आपत्तिजनक हालत में देखा, राज खुलने के डर से किशोरी की नृशंस हत्या; मैहर पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी
मैहर पुलिस ने करीब साढ़े नौ महीने पुराने किशोरी हत्याकांड का खुलासा किया है। आरोपी ने किशोरी की हत्या इसलिए ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
मैहर में किशोरी हत्याकांड का साढ़े नौ माह बाद खुलासा।
बड़ी बहन के प्रेमी ने पत्थर से कुचलकर ली थी जान।
पपरा पहाड़ के जंगल में मिला था किशोरी का शव।
डिजिटल डेस्क, मैहर। प्रदेश के मैहर जिले में किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब साढ़े नौ महीने बाद सनसनीखेज खुलासा किया है। पपरा पहाड़ के जंगल में मिली किशोरी की हत्या का आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार युवक सीधी जिले का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसका मृतिका की बड़ी बहन से प्रेम संबंध था। किशोरी ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस बात का राज खुलने के डर से आरोपी ने कथित तौर पर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने आरोपी शीतल केवट (21), निवासी बेलकशरी, जिला सीधी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
भैंस चराने जंगल गई थी किशोरी, फिर नहीं लौटी
पुलिस के मुताबिक, 17 जनवरी 2026 को किशोरी के माता-पिता दवाई कराने मुकुंदपुर अस्पताल गए थे। घर से निकलते समय उन्होंने बेटी को भैंस चराने के लिए पपरा पहाड़ के जंगल की ओर भेजा था। शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने जंगल और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद 18 जनवरी को ताला थाने में किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच 25 जनवरी को जंगल में उसका शव बरामद हुआ। घटनास्थल पर सिर के पीछे और चेहरे के पास खून से सने पत्थर मिले थे। आसपास भी खून के निशान पाए गए थे।
पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोट से मौत
शव के पोस्टमार्टम में सामने आया कि किशोरी के सिर की हड्डी टूट गई थी। किसी कठोर और भारी वस्तु से सिर पर किए गए हमले के कारण उसकी मौत हुई थी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पड़ताल की। जांच के दौरान संदेह की सुई सीधी जिले के शीतल केवट पर जाकर टिकी।
बड़ी बहन के साथ देख लिया था
पुलिस के अनुसार, आरोपी 16 जनवरी की रात अपनी प्रेमिका से मिलने ग्राम कंदेहली आया था। इसी दौरान किशोरी ने उसे अपनी बड़ी बहन के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। आरोपी को डर था कि किशोरी यह बात परिवार के सामने बता देगी और उसका प्रेम संबंध उजागर हो जाएगा।
पुलिस की जांच में सामने आया कि इसी आशंका के चलते उसने किशोरी की हत्या करने की योजना बनाई। अगले दिन वह उसके पीछे जंगल पहुंचा और उसे किसी को कुछ नहीं बताने के लिए कहा। किशोरी के इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और पत्थर से सिर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण किशोरी की मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर तेंदू के पेड़ के पास छिपा दिया था।
यह भी पढ़ें- नरसिंहपुर: मिड-डे मील में परोसी खीर-पूरी खाने से 45 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
निशानदेही पर पत्थर और मोबाइल जब्त
पुलिस ने दो नवंबर को ग्राम कंदेहली में पूछताछ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कथित मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर और पीस कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।