मैहर में आधी रात खूनी वारदात: नकाबपोश बदमाशों ने किसान का गला रेता, पत्नी-बच्चों और बुजुर्ग दादी पर भी हमला
मैहर के सोनवारी गांव में नकाबपोश बदमाशों ने एक किसान की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात ...और पढ़ें

घटना स्थल पर पड़ताल करती पुलिस।
HighLights
सोनवारी गांव में नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम।
बरामदे में सो रहे किसान पर धारदार हथियारों से हमला, मौत।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के मैहर जिले में नकाबपोश बदमाशों ने एक किसान के घर पर धावा बोलकर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनवारी गांव में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात खेत में बने घर के बरामदे में सो रहे 40 वर्षीय किसान रज्जन सिंह पटेल की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने किसान की पत्नी, दो बच्चों और बुजुर्ग दादी पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपित घर से गहने और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
एक ही परिवार के पांच सदस्यों पर हमले और किसान की हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
आधी रात घुसे आधा दर्जन नकाबपोश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 12:30 बजे रज्जन सिंह पटेल अपने खेत में बने घर के बरामदे में खाट पर सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर सोए हुए थे। इसी दौरान करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और किसान पर कुल्हाड़ी समेत धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में रज्जन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
बाहर आए परिजनों पर भी हमला
किसान की पत्नी अंजना सिंह पटेल के अनुसार, पति पर हमले के दौरान चीख-पुकार सुनकर वह अपनी आठ वर्षीय बेटी रागनी, 12 वर्षीय बेटे अनिकेत और बुजुर्ग दादी लल्ली सिंह पटेल के साथ बाहर निकलीं। इस दौरान हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया।
हमले में अंजना के सिर पर चोट आई, जबकि बुजुर्ग लल्ली सिंह के सिर और आंख में चोट लगी है। बेटी रागनी भी सिर में चोट लगने से घायल हो गई। बेटे अनिकेत को मामूली चोट आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। डायल 112 की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया। वहीं, किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- चित्रकूट में तेज रफ्तार बोलेरो बेकाबू होकर पलटी, कानपुर के दो लोगों की मौत; चार गंभीर घायल
फोरेंसिक अधिकारी डॉ. महेंद्र पटेल ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हत्या और लूट की इस वारदात के पीछे की वजह, आरोपितों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
