विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चित्रकूट में तेज रफ्तार बोलेरो बेकाबू होकर पलटी, कानपुर के दो लोगों की मौत; चार गंभीर घायल

Published: Sun, 11 Oct 2026 02:34 PM (IST)

सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें कानपुर के दो लोगों की ...और पढ़ें

बोलेरो को क्रेन से हटाया गया, घायल अस्पताल में भर्ती।

बोलेरो को क्रेन से हटाया गया, घायल अस्पताल में भर्ती।

HighLights

  1. चित्रकूट में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलटी।

  2. हादसे में कानपुर के दो लोगों की मौके पर मौत।

  3. चार अन्य गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चित्रकूट थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोग कानपुर के रहने वाले थे।

हादसे में इनकी मौत

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सुनील गुप्ता (50) पिता मूलचंद गुप्ता, निवासी द्विवेदी नगर, गल्ला मंडी, कानपुर और हिमांशु सिंह सेंगर (30) पिता स्वर्गीय दिनेश सिंह सेंगर, निवासी गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर के रूप में हुई है। दुर्घटना में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

चार लोग गंभीर रूप से घायल

बोलेरो पलटने से चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में राजकुमार गुप्ता (37), निवासी ग्राम टेढ़ा, थाना मारूहा, सुमेरपुर, जिला हमीरपुर; गोपाल तिवारी (42), निवासी संजय गांधी नगर, थाना नौबस्ता, कानपुर; दीपक तिवारी (35), निवासी नौबस्ता, थाना बिधनू, कानपुर नगर और राहुल पांडे (35), निवासी गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर शामिल हैं। सभी का अस्पताल में उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें- MP में OBC आरक्षण 27% क्यों नहीं? हाई कोर्ट के 159 पेज के फैसले में इन 5 मुद्दों पर हुई अहम बहस

क्रेन से हटाई गई दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो

हादसे के बाद सड़क पर पलटी बोलेरो के कारण यातायात प्रभावित हो गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन बहाल कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।