महानगरी एक्सप्रेस का स्लीपर कोच बीच सफर में खराब, सतना स्टेशन पर यात्रियों को दूसरे डिब्बों में किया शिफ्ट; 70 मिनट देरी से रवाना हुई ट्रेन
सतना रेलवे स्टेशन पर महानगरी एक्सप्रेस के S-2 स्लीपर कोच में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को परेशानी हुई। कोच को ट्रेन से अलग करने के कारण ट्रेन 70 मिनट की देरी से रवाना हुई और यात्रियों को अन्य डिब्बों में समायोजित किया गया।

ट्रेन के स्लीपर कोच में खराबी, यात्री हुए परेशान।
HighLights
महानगरी एक्सप्रेस के S-2 कोच में तकनीकी खराबी आई।
खराब कोच को सतना स्टेशन पर ट्रेन से अलग किया गया।
यात्रियों को दूसरे डिब्बों में समायोजित कर ट्रेन 70 मिनट देरी से चली।
डिजिटल डेस्क, सतना। सतना रेलवे स्टेशन पर बुधवार को महानगरी एक्सप्रेस के यात्रियों को तकनीकी खराबी के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन के स्लीपर कोच S-2 में खराबी मिलने के बाद रेलवे ने उसे आगे की यात्रा के लिए अनुपयुक्त घोषित कर दिया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोच को ट्रेन से अलग करने की कार्रवाई की गई। इस पूरी प्रक्रिया में एक घंटा से ज्यादा समय लगा और ट्रेन निर्धारित समय से देरी से रात 7:35 बजे सतना से रवाना हो सकी।
जांच के बाद कोच को किया अनुपयोगी घोषित
जानकारी के अनुसार, महानगरी एक्सप्रेस के S-2 कोच में तकनीकी खराबी की सूचना रेलवे के आरएचओ प्वाइंट से मिली थी। इसके बाद कोचिंग एवं वैगन विभाग (CNW) के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और डिब्बे की तकनीकी जांच की। जांच में खामी मिलने पर अधिकारियों ने कोच को आगे चलाने के बजाय ट्रेन से हटाने का फैसला लिया।
रेलवे कर्मचारियों ने सुरक्षा और परिचालन संबंधी सावधानियों को ध्यान में रखते हुए S-2 कोच को अलग कर दिया। इस कार्रवाई के चलते ट्रेन एक घंटा से ज्यादा समय तक सतना स्टेशन पर खड़ी रही।
S-2 के यात्रियों को S-1 और S-3 में किया समायोजित
कोच हटाए जाने के बाद सबसे बड़ी चुनौती उसमें आरक्षण कराने वाले यात्रियों की व्यवस्था करना था। रेलवे प्रबंधन ने यात्रियों को परेशान होने से बचाने के लिए उन्हें S-1 और S-3 कोच में उपलब्ध सीटों के अनुसार समायोजित कराया।
वहीं, यात्रियों की आगे की यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए जबलपुर स्टेशन पर दूसरा कोच लगाने की व्यवस्था की गई। वहां यात्रियों को नए कोच में शिफ्ट किया जाएगा।
ट्रेन छूट न जाए, इसलिए बार-बार की गई उद्घोषणा
S-2 कोच ट्रेन के पिछले हिस्से से नौवां डिब्बा था। ऐसे में उसे अलग करने के दौरान यात्रियों तक सही सूचना पहुंचाना भी रेलवे के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। रेलवे कर्मचारियों ने छोटे उद्घोषणा यंत्रों के जरिए यात्रियों को कोच हटाए जाने और सीटों के दूसरे डिब्बों में समायोजन की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- बालाघाट में सड़क हादसे के बाद पुलिस पर हमला, 20 से ज्यादा लोगों ने की मारपीट; 3 जवान घायल
ट्रेन के रवाना होने से करीब पांच मिनट पहले भी यात्रियों को जरूरी सूचनाएं दी गईं, ताकि कोई यात्री स्टेशन पर छूट न जाए।
निर्धारित समय से 70 मिनट बाद रवाना हुई ट्रेन
छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से बनारस जाने वाली महानगरी एक्सप्रेस (22177) का सतना स्टेशन पर निर्धारित आगमन शाम 6:20 बजे और प्रस्थान 6:25 बजे है। हालांकि, S-2 कोच में तकनीकी खराबी और उसे हटाने की प्रक्रिया के कारण ट्रेन सायं 7:35 बजे रवाना हो सकी। इस तरह ट्रेन अपने निर्धारित प्रस्थान समय से करीब 70 मिनट की देरी से सतना से आगे बढ़ी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।