कटनी में 12 करोड़ की आभूषण चोरी का सरगना है झारखंड का अब्जुल, प्रयागराज में ट्रेन से उतरकर भागा था; चार टीमें तलाश में जुटीं
कटनी के किसना ज्वेलर्स से 12 करोड़ की चोरी के मामले में कोलकाता से बदरुद्दीन खान गिरफ्तार हुआ है, जिससे ...और पढ़ें

सीसीटीवी में कैद गिरोह का सरगना अब्जुल।
HighLights
कटनी में 12 करोड़ के आभूषण चोरी का मामला।
कोलकाता से बदरुद्दीन खान गिरफ्तार, पूछताछ जारी है।
चुराए गए आभूषण अब तक पुलिस को नहीं मिले हैं।
डिजिटल डेस्क, कटनी। प्रदेश में कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित किसना ज्वेलर्स के शो रूम में बुधवार की रात हुई 12 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी व हीरे के आभूषणों की चोरी के मामले में कोलकाता से गिरफ्तार बदरुद्दीन खान से पुलिस पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी तक आभूषणों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। पूछताछ में पता चला है कि गिरोह का सरगना झारखंड के साहिबगंज निवासी अब्जुल है। वह चोरी वाली रात ही ट्रेन से साथियों के साथ प्रयागराज पहुंचा था।
ऑटो से स्टेशन पहुंचे, दानापुर एक्सप्रेस से भागे
पुलिस के अनुसार घटना में सात लोग शामिल रहे। आरोपितों ने घटना के बाद आटो पकड़ा और कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से दानापुर एक्सप्रेस में सवार होकर वह प्रयागराज पहुंचे। स्टेशन पर उतरने के बाद सभी अलग-अलग दिशा में भागे थे।
फ्लाइट से कोलकाता पहुंचा था बदरुद्दीन
बदरुद्दीन मुंबई होते हुए शनिवार रात फ्लाइट से कोलकाता पहुंचा था। कुछ साक्ष्यों के सहारे पुलिस ने उसे चिह्नित किया। उसके कोलकाता एयर पोर्ट से बाहर निकलते ही पुलिस ने दबोच लिया। इस गिरोह ने झारखंड, मप्र के कटनी और दक्षिण के कई शहरों में भी इस तरह की चोरियां की हैं।
यह भी पढ़ें- कटनी ज्वेलरी शोरूम लूटकांट: झारखंड गैंग का बदरुद्दीन कोलकाता से गिरफ्तार; करोड़ों के गहने अब भी गायब
साहिबगंज के हैं छह आरोपित
बदरुद्दीन ने पुलिस को बताया कि गिरोह के सात में से छह सदस्य झारखंड के साहिबगंज के रहने वाले हैं। पुलिस की चार टीमें प्रयागराज, साहिबगंज क्षेत्र में लगातार बनी हुई हैं और बाकी आरोपितों की तलाश कर रही हैं। बंगाल में भी पुलिस टीमें निगाह रखे हुए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से जो भी जानकारी मिल रही है, उसका सत्यापन कराया जा रहा है। बाकी आरोपितों की तलाश में अलग-अलग क्षेत्रों व शहरों में टीमें लगाई गई हैं।