कटनी ज्वेलरी शोरूम लूटकांट: झारखंड गैंग का बदरुद्दीन कोलकाता से गिरफ्तार; करोड़ों के गहने अब भी गायब
कटनी के किसना ज्वेलर्स में 12 करोड़ से अधिक की चोरी मामले में पुलिस ने झारखंड के एक गिरोह के ...और पढ़ें

आरोपियों का हुलिया सीसीटीवी में कैद। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
आठ दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी बदरुद्दीन खान
होटल में ठहर गिरोह ने कई ज्वेलरी शोरूम की रेकी की थी।
झारखंड और प्रयागराज में पुलिस की टीमों की तलाश जारी।
डिजिटल डेस्क, कटनी। कटनी के माधवनगर स्थित किसना ज्वेलर्स में हुई 12 करोड़ रुपये से अधिक की सनसनीखेज चोरी के मामले में पुलिस को पहली बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झारखंड के एक शातिर गिरोह के सदस्य बदरुद्दीन खान को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से गिरफ्तार किया है। शनिवार रात उसे कटनी लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने आठ दिन की रिमांड हासिल की है। हालांकि, गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किए गए हीरे और सोने के जेवर बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस अब उससे गिरोह के अन्य सदस्यों और करोड़ों के जेवरों की लोकेशन के बारे में पूछताछ कर रही है।
मोबाइल फोन से मिला सुराग
चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने शहर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की थी। जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ऑटो से रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से सतना की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार होकर फरार हो गए थे।
जांच के दौरान शोरूम के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध आरोपी मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने इसी फुटेज को अहम सुराग मानते हुए साइबर टीम को जांच में लगाया। मोबाइल फोन से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और कोलकाता में घेराबंदी कर झारखंड निवासी बदरुद्दीन खान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को मिली 8 दिन की रिमांड
कटनी लाए जाने के बाद आरोपी को जिला न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने उससे विस्तृत पूछताछ के लिए रिमांड मांगी, जिस पर न्यायालय ने आठ दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह के बाकी सदस्यों, चोरी की योजना और जेवरों को ठिकाने लगाने से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
फिलहाल चोरी के डायमंड और गोल्ड के आभूषण गिरोह के दूसरे सदस्यों के पास होने की आशंका है। वे वारदात के बाद कहां गए और जेवर किसके कब्जे में हैं, इसका पता लगाने में पुलिस जुटी है। पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि तो की है, लेकिन जांच से जुड़ी अन्य जानकारियां फिलहाल सार्वजनिक नहीं की हैं।
होटल में ठहरा था गिरोह, कई शोरूम की रेकी की
पुलिस की जांच में वारदात की सुनियोजित तैयारी के भी संकेत मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज और होटल-लॉज के रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि चार संदिग्ध 10 नवंबर को रेलवे स्टेशन के पास सब्जी मंडी क्षेत्र स्थित गणपति प्लाजा में ठहरे थे। इनमें से दो लोगों ने होटल में अपनी पहचान संबंधी दस्तावेज जमा कराए थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने किसना ज्वेलर्स को निशाना बनाने से पहले शहर के दूसरे ज्वेलरी शोरूमों की भी रेकी की थी। इसके बाद पूरी योजना के साथ आरोपियों ने पहाड़ी की ओर से शोरूम की दीवार में सेंध लगाई और करोड़ों रुपये के हीरे व सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- बाहर गार्ड तैनात, अंदर 12 करोड़ के जेवर साफ! कटनी में ज्वेलरी शोरूम की दीवार में सेंध लगाकर सनसनीखेज चोरी
झारखंड और प्रयागराज में तलाश कर रही टीमें
एक आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चोरी गए जेवरों की बरामदगी और गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचना है। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें झारखंड और प्रयागराज में भी डेरा डाले हुए हैं। गिरफ्तार बदरुद्दीन खान से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपियों तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने की कोशिश की जा रही है।
ज्वेलरी शोरूम में चोरी के मामले में पुलिस की टीमें शहर सहित दूसरे प्रदेशों में भेजी गई हैं, जो आरोपियों की तलाश कर रही हैं। एक आरोपी पकड़ा गया है, जिसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जाएगा और मामले का खुलासा करेंगे।
- अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।