बालाघाट के बाद अब कटनी में फोर्टिफाइड चावल घोटाला, 32 ट्रकों में भेजा 4 करोड़ का सरकारी खाद्यान्न गायब
कटनी में बालाघाट जैसे फोर्टिफाइड चावल घोटाले का खुलासा हुआ है, जिसमें अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच इंदौर, हरदा और नीमच भेजे गए लगभग चार करोड़ रुपये मूल्य के 10,973 क्विंटल सरकारी चावल का कोई अता-पता नहीं है। 32 ट्रकों में भेजे गए इस खाद्यान्न के गायब होने पर विभागीय अधिकारियों की भूमिका और जांच की धीमी गति पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि कलेक्टर ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
कटनी में 4 करोड़ का फोर्टिफाइड चावल घोटाला उजागर हुआ।
32 ट्रकों में भेजा गया 10,973 क्विंटल चावल गायब।
विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर सवाल, मामले की जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, कटनी। बालाघाट के बाद अब कटनी में भी फोर्टिफाइड चावल के परिवहन में बड़ी हेराफेरी का मामला सामने आया है। बताया गया कि अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक कटनी जिले से इंदौर, हरदा और नीमच के लिए रवाना किया गया करीब चार करोड़ रुपये मूल्य का सरकारी चावल आज तक संबंधित जिलों तक नहीं पहुंचा है। मामले के सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों की भूमिका और जांच की धीमी गति पर सवाल उठ रहे हैं।
32 ट्रकों में भेजा गया 10,973 क्विंटल चावल
मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) ने कटनी से तीनों जिलों के लिए कुल 32 गाड़ियों से चावल भेजा था। इसमें इंदौर के लिए आठ गाड़ियों में 2,641 क्विंटल, हरदा के लिए 14 ट्रकों में 4,763 क्विंटल और नीमच के लिए 10 ट्रकों में 3,569 क्विंटल चावल रवाना किया गया था।
परिवहन फर्म और विभागीय निगरानी भी जांच के दायरे में
प्रत्येक वाहन में 30 से 35 टन चावल लोड बताया जा रहा है और करीब चार हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से गायब चावल की कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आंकी गई है। परिवहन का जिम्मा भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को सौंपा गया था और तत्कालीन जिला प्रबंधक देवेन्द्र तिवारी की निगरानी में गाड़ियां रवाना हुई थीं। बताया जा रहा है कि फर्म के तीन साझेदारों में चाकघाट व छतरपुर निवासी दो व्यक्तियों के साथ विभाग से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी का नाम भी सामने आ रहा है।
यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए चोरी, ग्वालियर में मोबाइल दुकान से iPhone चुराकर भागा युवक; भीड़ ने पकड़कर पीटा
तीनों जिलों ने चावल नहीं मिलने की जानकारी दी
इंदौर, हरदा और नीमच के अधिकारियों ने पत्राचार कर चावल न मिलने की पुष्टि की है। इंदौर सिविल सप्लाइज कार्पोरेशन ने एक सितंबर को पत्र लिखकर आठ ट्रक चावल अप्राप्त होने की जानकारी दी, जबकि नीमच और हरदा से भी क्रमशः 10 और 14 ट्रक न पहुंचने को लेकर पत्र व्यवहार किया गया है।
कलेक्टर बोले- मामला संज्ञान में, जांच जारी
कलेक्टर आशीष तिवारी का कहना है कि मामला संज्ञान में है और जांच कराई जा रही है। वहीं, प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर ने कहा कि उन्होंने हाल ही में प्रभार संभाला है और दस्तावेजों व संबंधित जिलों से जानकारी जुटाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।