गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए चोरी, ग्वालियर में मोबाइल दुकान से iPhone चुराकर भागा युवक; भीड़ ने पकड़कर पीटा
ग्वालियर में एक युवक ने गर्लफ्रेंड को महंगा आईफोन गिफ्ट करने के लिए मोबाइल दुकान से फोन चुराया। उसे भीड़ ने पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया, चोरी किया गया फोन बरामद हुआ।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
युवक ने गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए आईफोन चुराया।
ग्वालियर में मोबाइल दुकान से फोन चुराते हुए पकड़ा गया।
भीड़ ने युवक को पकड़कर पीटा, पुलिस के हवाले किया।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। गर्लफ्रेंड को महंगा आईफोन गिफ्ट करने का जुनून एक युवक को चोरी के आरोप में पुलिस तक ले पहुंचा। जेब में पैसे नहीं थे, लेकिन प्रेमिका को महंगा फोन देने की चाहत में उसने मोबाइल दुकान को निशाना बना लिया। ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा, आईफोन देखने के बहाने दुकानदार को उलझाया और मौका मिलते ही फोन लेकर भाग निकला।
हालांकि, दुकानदार के शोर मचाते ही बाजार के लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद हो गया है।
दुकान से चुराकर भागा
घटना रविवार दोपहर महाराज बाड़ा स्थित टोपी बाजार के एमएस मोबाइल सेंटर की है। दुकान पर एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा और आईफोन दिखाने को कहा। दुकानदार ने उसे सिल्वर रंग का आईफोन दिखाया। इसी बीच एक अन्य ग्राहक दुकान पर आ गया, जिसे दुकानदार मोबाइल दिखाने लगा।
दुकानदार के दूसरे ग्राहक में व्यस्त होते ही युवक ने मौका भांपा और काउंटर से आईफोन उठाकर बाहर निकल गया। कुछ देर बाद दुकानदार की नजर फोन पर पड़ी तो वह गायब था। उसने तत्काल शोर मचाया और युवक के पीछे दौड़ पड़ा। आवाज सुनकर बाजार में मौजूद लोगों ने भी पीछा किया और उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर चोरी किया गया आईफोन उसके पास से मिल गया।
यह भी पढ़ें- साइबर ठगों का नया हथियार बना 'जीरो क्लिक फ्रॉड', लिंक खोले बिना ही खाली हो रहे बैंक खाते
पुलिस के सामने बोला- गर्लफ्रेंड को गिफ्ट देना था
पकड़े गए युवक की पहचान राहुल यादव के रूप में हुई है। लोगों ने चोरी के आरोप में उसे पकड़कर पीटा और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।
पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए आईफोन गिफ्ट करना चाहता था। उसके पास मोबाइल खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने चोरी का रास्ता अपनाया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।