विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटनी से तीन जिलों को भेजा 32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल गायब, फर्जी निकलीं ट्रांसपोर्टर की पावतियां; 4 करोड़ के घोटाले की जांच शुरू

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:40 PM (IST)

कटनी से हरदा, इंदौर और नीमच भेजे गए 32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल गायब हो गए हैं, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये है। ट्रांसपोर्टर द्वारा पेश की गई पावतियां फर्जी पाई गईं, जिसके बाद खाद्य मंत्री ने जांच के आदेश दिए और दोषियों पर FIR की तैयारी है।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. कटनी से भेजे गए 32 ट्रक चावल गायब।

  2. लगभग 4 करोड़ रुपये के चावल का घोटाला।

  3. ट्रांसपोर्टर की पावतियां फर्जी निकलीं, जांच जारी।

डिजिटल डेस्क, कटनी। नागरिक आपूर्ति निगम (नान) ने कटनी से अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच हरदा, इंदौर और नीमच जिलों के लिए 32 ट्रक से 10 हजार 973 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल भेजा था, लेकिन तीनों जिलों ने यह नहीं मिलने की सूचना दी तो खलबली मच गई। हाल ही में इसके खुलासे के बाद लगभग चार करोड़ रुपये कीमत का सरकारी चावल गायब होने की आनन-फानन में जांच शुरू की गई।

वहीं, ट्रांसपोर्टर ने पावतियां पेश कर दावा किया कि उसने सभी जिलों को चावल भेजा है, लेकिन ये पावतियां तीनों जिलों के नान अधिकारियों ने सत्यापन में भर्जी बताई हैं। गुरुवार को पावतियों के फर्जी होने की बात सामने आई।

तीन जिलों को भेजा था चावल

बताया गया कि इंदौर को आठ ट्रकों से 2641 क्विंटल, हरदा को 14 ट्रक से 4763 क्विंटल और नीमच को 10 ट्रकों से 3569 क्विंटल चावल भेजा गया था। कटनी के प्रभारी नान अधिकारी रविकांत ठाकुर ने बताया कि ट्रांसपोर्टर रीवा चाकघाट स्थित भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के संचालक किशन केशरवानी ने मंगलवार को जो पावतियां पेश कर कहा था कि सारा चावल भेज दिया गया था, उन पावतियों को देखने के बाद इंदौर और हरदा के नान अधिकारियों ने फर्जी बताया है।

पावतियों में कांट-छांट, 22 ट्रकों के दस्तावेज संदिग्ध

जानकारी मिली है कि हरदा जिले के 14 और इंदौर जिले के आठ ट्रकों की पावतियां फर्जी हैं। पावतियों में कांट-छांट और छेड़छाड़ मिली है, इसलिए गोलमाल की आशंका और बढ़ जा रही है। वहीं, नीमच नान के जिला प्रबंधक अजीत कुमार सिंह का कहना है कि जुलाई 2025 से दिसंबर 2025 तक हमें चावल नहीं मिला, जिसकी सूचना हमने कटनी और भोपाल भेजी थी।

यह भी पढ़ें- बालाघाट के बाद अब कटनी में फोर्टिफाइड चावल घोटाला, 32 ट्रकों में भेजा 4 करोड़ का सरकारी खाद्यान्न गायब

खाद्य मंत्री ने भी दिए हैं जांच के निर्देश 

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मामले की जांच के लिए मुख्यालय के अधिकारियों का दल गठित किया है। अपर मुख्य सचिव खाद्य केसी गुप्ता को सात दिवस के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा है। वहीं खजुराहो-कटनी सांसद वीडी शर्मा ने गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ली, जिसमें भी यह मुद्दा उठा। कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि हम जांच करा रहे हैं। दोषियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।