विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वन्यजीवों की मौत से लेकर तस्करी तक... वैज्ञानिक जांच के लिए जबलपुर में तैयार होंगे विशेषज्ञ

By Atul ShuklaEdited By: Ravindra Soni
Published: Fri, 27 Nov 2026 08:24 PM (IST)

जबलपुर का नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय वन्यजीव स्वास्थ्य और फोरेंसिक विज्ञान में विशेषज्ञों को प्रशिक्षित करेगा। यह पहल वन्यजीव अपराधों की जांच और बीमारियों के कारणों का पता लगाने में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में मदद करेगी।

जबलपुर में स्थित नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय। (फाइल फोटो)

जबलपुर में स्थित नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. वन्यजीव अपराध जांच के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का प्रशिक्षण।

  2. नानाजी देशमुख विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ देगा प्रशिक्षण।

  3. देशभर के पशु चिकित्सा विशेषज्ञों और शोधार्थियों को मिलेगा लाभ।

अतुल शुक्ला, जबलपुर। वन्यजीवों का शिकार, तस्करी और उनके खिलाफ होने वाले अपराध वन्यजीव संरक्षण के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं। ऐसे अपराधों की जांच में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाना और वन्यजीवों की मौत या बीमारी के कारणों का पता लगाना महत्वपूर्ण होता है। अब इन चुनौतियों से निपटने के लिए जबलपुर में विशेषज्ञ तैयार किए जाएंगे।

यहां के नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ देशभर के पशु चिकित्सा विशेषज्ञों, विज्ञानियों और शोधार्थियों को वन्यजीव स्वास्थ्य एवं फोरेंसिक विज्ञान की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देगा।

देशभर के शोधार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण

दरअसल, वन्यजीवों के शिकार और तस्करी से जुड़े मामलों में कई बार अपराध की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक प्रमाणों की जरूरत होती है। ऐसे मामलों में फोरेंसिक विश्लेषण, नमूनों की जांच और डीएनए परीक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ की ओर से देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों तथा पीएचडी शोधार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस प्रशिक्षण का हिस्सा बनने के लिए वेटरनरी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ वेटरनरी साइंस ने देशभर के वेटरनरी से जुड़े शिक्षक, विज्ञानी और शोध विद्यार्थियों से आवेदन मांगे हैं। इन आवेदनों के बाद कुल 25 लोगों का चयन होगा। यह चयन विवि द्वारा गठित अनुभवियों की टीम करेगी। इसके साथ ही प्रशिक्षण नौ से 12 दिसंबर के बीच वेटरनरी कॉलेज स्थित स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ में होगा।

यह भी पढ़ें- पन्ना के जंगल में मिला बाघिन का शव, गले में कसा था क्लच वायर का फंदा; वन विभाग में हड़कंप

प्रोजेक्ट भेजा, मंत्रालय ने दी स्वीकृति

स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ ने देशभर के नेशनल पार्क में रहने वाले पशुओं के शिकार और उनमें बढ़ती बीमारी के इलाज पर अब तक किए गए काम और शोध को आधार पर प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने सभी पक्षों को देखने के बाद प्रोजेक्ट को स्वीकृति देने हुए स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ को प्रशिक्षण की अनुमति देने के साथ ही इसके लिए बजट स्वीकृत किया।

वन्यजीवों के शिकार पर रोक लगाने, बीमारियों की पहचान और उपचार के क्षेत्र में स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ ने जो काम किया है, उसे प्रशिक्षण के माध्यम से देशभर के वन्यजीव क्षेत्र से जुड़े लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
- प्रो. मनदीप शर्मा, कुलगुरु, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।