जबलपुर रेल मंडल के 93 स्टेशनों पर बढ़ेगी फायर सेफ्टी, हर विभाग में लगेंगे अग्निशामक यंत्र और हीट डिटेक्टर
जबलपुर रेल मंडल ने अपने 93 स्टेशनों पर आग लगने की घटनाओं को रोकने और आपातकालीन प्रतिक्रिया को मजबूत करने ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
सभी 93 स्टेशनों पर अग्निशामक यंत्रों की संख्या बढ़ेगी।
प्रत्येक विभाग में आग का पता लगाने के लिए हीट डिटेक्टर लगेंगे।
फायर सेफ्टी ऑडिट के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। रेलवे स्टेशनों पर आग लगने की घटनाओं को रोकने और आपात स्थिति में त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करने के लिए जबलपुर रेल मंडल ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। मंडल के सभी 93 स्टेशनों पर अब अग्निशामक उपकरणों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
खास बात यह है कि अग्निशामक यंत्र की रेलवे के प्रत्येक विभाग में उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही हर विभाग में हीट डिटेक्टर लगाए जाएंगे, ताकि आग लगने की शुरुआती स्थिति में ही खतरे का पता चल सके।
फायर सेफ्टी ऑडिट में सामने आईं व्यवस्थागत कमियां
देश के कुछ रेलवे स्टेशनों पर हुई अग्नि दुर्घटनाओं के बाद रेलवे बोर्ड के निर्देश पर जबलपुर मंडल में फायर सेफ्टी ऑडिट कराया गया था। जुलाई से सितंबर के बीच चले इस विशेष ऑडिट में अधिकारियों ने प्रत्येक स्टेशन का निरीक्षण कर भवनों, इलेक्ट्रिकल इंस्टालेशन, एसी और वेंटिलेशन सिस्टम, आपातकालीन निकास द्वार तथा अग्निशमन उपकरणों की स्थिति का आकलन किया।
एक विभाग में रखे उपकरण दूसरे के लिए आसानी से उपलब्ध नहीं
इसमें सामने आया कि कई स्टेशनों पर अग्निशामक यंत्र उपलब्ध तो हैं, लेकिन उनकी संख्या और उपयोग की पहुंच को और बेहतर बनाने की जरूरत है। कुछ स्थानों पर उपकरण ऐसे कार्यालयों में रखे मिले, जहां आपात स्थिति में दूसरे विभागों के कर्मचारियों और यात्रियों के लिए उन तक पहुंचना आसान नहीं था।
बड़े स्टेशनों पर व्यवस्था संतोषजनक, छोटे पर बढ़ेंगे इंतजाम
ऑडिट में जबलपुर, कटनी जंक्शन, सागर और सतना जैसे प्रमुख स्टेशनों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई, लेकिन अपेक्षाकृत छोटे स्टेशनों पर इनकी संख्या बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की गई। अब सभी 93 स्टेशनों पर विभागवार अग्निशामक यंत्र उपलब्ध कराने के साथ उनके स्थान की जानकारी देने वाले स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- कटनी की निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया को हाई कोर्ट से झटका, FIR निरस्त करने की याचिका खारिज
इससे किसी भी कर्मचारी या यात्री को आग लगने की स्थिति में उपकरण तलाशने में समय बर्बाद नहीं करना पड़ेगा। तैयारी परखने के लिए समय-समय पर मॉकड्रिल भी कराई जाएगी।
रेल परिसर और यात्री सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए मंडल के सभी स्टेशनों का फायर सेफ्टी आडिट कराया गया है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर अग्निशामक यंत्रों की संख्या बढ़ाने, हीट डिटेक्टर लगाने और उपकरणों की उपलब्धता बताने के लिए आवश्यक संकेतक लगाने का निर्णय लिया गया है।
-शशांक गुप्ता, सीनियर डीसीएम, जबलपुर मंडल।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।