विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जबलपुर में कांग्रेस का संविधान मार्च, एक बैलगाड़ी पर लदे 50 से ज्यादा लोग; भाजपा ने उठाए पशु क्रूरता के सवाल

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:06 PM (IST)

जबलपुर में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च के दौरान एक बैलगाड़ी पर 50 से ज्यादा लोग नजर आए। इस पर भाजपा ने पशु क्रूरता का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों को घेरा। मार्च में जीतू पटवारी ने वोट चोरी का तंत्र विकसित होने का आरोप लगाया, जबकि अन्य नेताओं ने भाजपा पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के उल्लंघन का आरोप लगाया।

संविधान मार्च के दौरान बैलगाड़ी पर सवार कांग्रेसी।

संविधान मार्च के दौरान बैलगाड़ी पर सवार कांग्रेसी।

HighLights

  1. कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च में बैलगाड़ी पर एक साथ कई सवार दिखे।

  2. भाजपा ने पशु क्रूरता का आरोप लगाकर कांग्रेस पर निशाना साधा।

  3. जीतू पटवारी ने वोट चोरी के तंत्र का जिक्र कर गंभीर आरोप लगाए।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देने निकली कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च में एक बैलगाड़ी पर 50 से 55 लोगों के सवार होने का दृश्य चर्चा में आ गया। दो बैलों से खिंच रही बैलगाड़ी पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बैठने को लेकर पशु क्रूरता के सवाल उठे। भाजपा ने इस घटना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो पार्टी पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार कर रही है, वह संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा की बात कैसे कर सकती है।

संविधान दिवस पर गुरुवार को कांग्रेस ने जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च निकालकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। गोलबाजार से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी प्रतिमा तक पहुंचा। इसमें प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। नेताओं ने संविधान, लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

चार किलोमीटर के मार्च में बैलगाड़ियों का भी इस्तेमाल

कांग्रेस का मार्च गोलबाजार से शुरू होकर सुपर मार्केट, अंधेरदेव, टाउन हाल, तुलाराम चौक और मालवीय चौक होते हुए वापस गोलबाजार पहुंचा। करीब चार किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ियों का भी उपयोग किया।

इसी दौरान एक बैलगाड़ी पर 50 से 55 लोगों के सवार होने का दृश्य सामने आया। दो बैलों पर इतनी भारी भीड़ का बोझ डालने को लेकर सवाल उठने लगे। भाजपा नेताओं ने इसे पशुओं के प्रति संवेदनहीनता बताते हुए कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि पशुओं पर अत्याचार करने वाली पार्टी संविधान और अधिकारों की रक्षा का दावा कर रही है।

जीतू पटवारी बोले- देश में विकसित हुआ वोट चोरी का तंत्र

मार्च को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि देश में व्यवस्थित तरीके से वोट चोरी का तंत्र विकसित किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए मताधिकार की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए।

राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने संसद के शीतकालीन सत्र को लेकर अनिश्चितता पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि 20 नवंबर के बाद सत्र शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिलना सांसदों का अपमान है।

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: 9 बार के भाजपा विधायक गोपाल भार्गव का राजनीति से संन्यास का ऐलान, रखी यह शर्त

उमंग सिंघार और अजय सिंह ने भी साधा भाजपा पर निशाना

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा नेताओं को डा. भीमराव आंबेडकर की किताब पढ़ने की सलाह दी।

वहीं, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की लोकतंत्र बचाओ यात्रा पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि मुख्यमंत्री आखिर क्या बचाना चाहते हैं। मार्च में पूर्व सांसद नकुल नाथ भी शामिल हुए। टाउन हाल में गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मार्च वापस गोलबाजार पहुंचकर समाप्त हुआ।

कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च में एक लाख लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा था। हालांकि, आयोजन में करीब पांच से छह हजार लोग ही शामिल हुए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।