विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रसगुल्ला बताकर युवक को खिला दिया सुअर मार बम, मुंह में फटने से मौत... डिंडौरी में खौफनाक वारदात

Published: Wed, 11 Nov 2026 04:30 PM (IST)

डिंडौरी के पड़रिया छांटा गांव में एक युवक को उसके परिचित ने रसगुल्ला बताकर सुअर मार बम खाने के लिए ...और पढ़ें

अस्पताल की मर्चुरी के बाहर खड़े मृतक के परिजन व अन्य।

अस्पताल की मर्चुरी के बाहर खड़े मृतक के परिजन व अन्य।

HighLights

  1. आंगन में बातचीत करते-करते थमा दिया बम।

  2. युवक ने रसगुल्ला समझ जैसे ही चबाया, हुआ विस्फोट।

  3. आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज।

डिजिटल डेस्क, डिंडौरी। प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां गांव के ही एक व्यक्ति ने 35 वर्षीय युवक को रसगुल्ला बताकर सुअर मार बम खाने के लिए दे दिया। युवक ने उसे मिठाई समझकर मुंह में डाल लिया, लेकिन चबाते ही उसमें विस्फोट हो गया। धमाके में युवक का मुंह बुरी तरह जख्मी हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना मंगलवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव की है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या की श्रेणी में आने वाले अपराध सहित विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

आंगन में बातचीत के दौरान थमाया बम

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेंद्र बरौतिया (35), पिता स्व. फुल्लू लाल बरौतिया के रूप में हुई है। मंगलवार शाम करीब सात बजे राजेंद्र परिवार के साथ खाना खाने के बाद घर के आंगन में आग जलाकर बैठा था। रात करीब आठ बजे गांव का ही रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और उसके पास बैठकर बातचीत करने लगा।

इसी दौरान रामभगत ने कथित तौर पर सुअर मारने में इस्तेमाल होने वाला बम राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर खाने के लिए दे दिया। राजेंद्र ने उसे मिठाई समझकर मुंह में डाल लिया। चबाते ही बम में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसका जबड़ा फट गया और वह बुरी तरह जख्मी हो गया।

ऑटो से जिला अस्पताल ले गए परिजन 

धमाके की आवाज सुनकर परिजन घबरा गए। घायल राजेंद्र को तत्काल ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान जिला अस्पताल की मर्चुरी के बाहर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौजूद रहे। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें- जबलपुर में प्रधान आरक्षक ने सरकारी आवास में लगाई फांसी, पारिवारिक विवाद में जान देने की आशंका

आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

कोतवाली पुलिस ने आरोपी रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 3 व 4 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास सुअर मार बम कहां से आया और उसे किस माध्यम से उपलब्ध कराया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।